खानपुरिया में VB-G RAM G को लेकर जागरूकता, ग्रामीणों को मिली योजना की पूरी जानकारी
कोटा के खानपुरिया में VB-G RAM G जागरूकता कार्यक्रम हुआ, ग्रामीणों को रोजगार योजना, प्रावधानों और पारदर्शिता व्यवस्था की जानकारी दी गई।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) माइक पर बोलते हुए एक अधिकारी, पास में खड़े अन्य अधिकारी व महिला कर्मचारी और लाल-सफेद छाता पकड़े खड़ी एक ग्रामीण महिला दिखाई दे रही है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा की ओर से लाड़पुरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कसार के ग्राम खानपुरिया में विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को योजना के उद्देश्य, प्रावधान और पारदर्शी क्रियान्वयन से जुड़ी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने बताया कि VB-G RAM G योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं का विकास कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान किया गया है। निर्धारित समय में कार्य उपलब्ध नहीं होने पर नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता भी देय है।
उन्होंने योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, तालाबों के निर्माण एवं पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन, ग्रामीण सड़क निर्माण, सिंचाई सुविधाओं के विकास, वृक्षारोपण और सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण जैसे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बायोमेट्रिक उपस्थिति, जियो-टैगिंग, ऑनलाइन निगरानी, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) और सामाजिक अंकेक्षण जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से योजना में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई और उनके साथ प्रश्नोत्तर संवाद भी किया गया। इसके बाद योजना पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रोजगार सहायक हरिओम गौतम, पंचायत कनिष्ठ सहायक लक्ष्मी सरोन्जा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, खानपुरिया के अध्यापक मदन मोहन सहित ग्राम के महिला एवं पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों तक VB-G RAM G योजना की जानकारी पहुंचाकर उन्हें इसके प्रावधानों और लाभों से अवगत कराना रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
