विकसित भारत-जी राम जी (वीबी- जी राम जी) योजना के तहत श्रमिकों को मजदूरी भुगतान का सिलसिला शुरू हो गया है। राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप निर्धारित 15 दिन की समय-सीमा में लगभग 37 लाख रुपये की मजदूरी राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पात्र श्रमिकों के बैंक खातों में सफलतापूर्वक हस्तांतरित कर दी गई है।

मजदूरी भुगतान प्रक्रिया में तेजी के साथ बड़ी संख्या में अन्य भुगतान भी विभिन्न स्तरों पर प्रक्रियाधीन हैं, जिन्हें शीघ्र ही लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाया जाएगा।

ग्रामीण विकास विभाग के शासन सचिव श्री कृष्ण कुणाल ने बताया कि विभाग द्वारा केंद्र सरकार से प्राप्त स्वीकृतियों के आधार पर चरणबद्ध तरीके से मजदूरी भुगतान किया जा रहा है। भुगतान प्रक्रिया को गति देने के लिए जिला, ब्लॉक, ट्रेजरी तथा पीएफएमएस स्तर पर लगातार समन्वय एवं मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि पात्र श्रमिकों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेज गति से पूरा किया जा रहा है। जिन भुगतान मामलों की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा जा रहा है। शेष भुगतान भी जल्द जारी किए जाएंगे।

श्री कुणाल ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वीबी- जी राम जी योजनांतर्गत कार्य करने वाले प्रत्येक पात्र श्रमिक को उसकी मजदूरी पारदर्शी, समयबद्ध और सीधे बैंक खाते में प्राप्त हो।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story