पशुपतिनाथ दर्शन के लिए राजस्थान से पहली हवाई तीर्थ यात्रा रवाना, 2860 बुजुर्ग जाएंगे नेपाल
राजस्थान से नेपाल के पशुपतिनाथ दर्शन के लिए पहली हवाई तीर्थ यात्रा शुरू, 2860 वरिष्ठ नागरिकों को योजना के तहत मिलेगा लाभ।

तस्वीर में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत जयपुर में होटल महादेव विला के सामने वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत नेपाल जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।
राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत हवाई तीर्थ यात्रा का सोमवार को शुभारंभ हुआ। देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने जयपुर से 43 वरिष्ठ नागरिकों के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर नेपाल के लिए रवाना किया। यह दल जयपुर के सिंधी कैंप स्थित होटल महादेव विला से बस के माध्यम से नई दिल्ली रवाना हुआ, जहां से हवाई जहाज द्वारा काठमांडू (नेपाल) पहुंचेगा।
पहले दल में शामिल सभी वरिष्ठ तीर्थयात्री काठमांडू स्थित प्रसिद्ध बाबा पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही यात्रियों को काठमांडू के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा।
देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के जीवन को सुगम और भक्तिमय बनाना है। उन्होंने कहा कि जो बुजुर्ग कभी हवाई जहाज में बैठने का सपना देखते थे, आज सरकार उन्हें सीधे बाबा पशुपतिनाथ के द्वार तक पहुंचा रही है।
श्री कुमावत ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा जी के नेतृत्व में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में कई सुधार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय हवाई यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को धर्मशाला में ठहराया जाता था, लेकिन अब उनके लिए 3 स्टार होटलों में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।
देवस्थान मंत्री ने बताया कि पहले काठमांडू में यात्रियों को एक दिन ठहराया जाता था, जबकि अब उन्हें 2 दिन ठहराया जाएगा। इस दौरान यात्री पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन के साथ-साथ बुढ़ानीलकंठ मंदिर और बोधनाथ स्तूप के भी दर्शन कर सकेंगे।
तीर्थयात्रियों के आराम के लिए काठमांडू में 3-स्टार होटल में रुकने की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सहायता, सुरक्षा और मार्गदर्शन के लिए 01 सरकारी अनुरक्षक और 01 आईआरसीटीसी का स्टाफ पूरी यात्रा के दौरान साथ रहेगा। पहला दल अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर 22 जुलाई-2026 को वापस जयपुर लौटेगा।
देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने बताया कि 20 जुलाई से 22 सितंबर-2026 तक हर दिन काठमांडू के लिए हवाई यात्रा का संचालन किया जाएगा। इस अवधि में कुल 2,860 वरिष्ठ नागरिकों को पशुपतिनाथ जी के दर्शन करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि बीकानेर और चूरू जिले से 28 जुलाई तक कुल 382 यात्री पशुपतिनाथ जी के दर्शन कर सकेंगे। इनमें बीकानेर जिले के 205 और चूरू जिले के 177 यात्री शामिल हैं।
अक्टूबर और नवंबर महीनों में दीपावली सहित अन्य त्योहारों के कारण हवाई यात्राएं स्थगित रहेंगी। शेष हवाई तीर्थयात्रियों को दिसंबर महीने से दोबारा काठमांडू दर्शन के लिए भेजा जाएगा। राजस्थान सरकार की इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों में उत्साह देखा गया और पहले दल को विदाई देने के दौरान माहौल भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर भाजपा नेता सुनील कुमावत, आईआरसीटीसी के अपर महाप्रबंधक कृष्ण कुमार सिंह, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जयपुर प्रथम रतन लाल योगी, जयपुर सकिंड महेंद्र देवतवाल, बीकानेर के सहायक आयुक्त गौरव सोनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
