वाणी जैन बनीं WPSF राष्ट्रीय खेलकूद विभाग की ब्रांड एंबेसडर, जयपुर में शिविर
महिला पावर सोशियलिटी फाउंडेशन ने शतरंज खिलाड़ी वाणी जैन को जिम्मेदारी सौंपी, 15 मार्च से मानसरोवर में आयोजित होगा निःशुल्क शतरंज प्रशिक्षण शिविर।

महिला एवं बाल विकास को समर्पित संस्था Women Power Sociality Foundation (WPSF) द्वारा शतरंज खिलाड़ी वाणी जैन को संस्था के राष्ट्रीय खेलकूद विभाग की ब्रांड एंबेसडर घोषित किया गया है। संस्था के नेशनल कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार जी ने जानकारी देते हुए बताया कि वाणी जैन पिछले दो वर्षों से खेलों के प्रति समर्पित हैं और शतरंज की एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। वे विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर बच्चों को शतरंज सिखाने का कार्य कर रही हैं। साथ ही अनुभवी कोचों के सहयोग से शतरंज की क्लासेस और प्रतियोगिताओं का भी सफल आयोजन करवा रही हैं।
खेल और सामाजिक योगदान के लिए मिला सम्मान
वाणी जैन के खेल और सामाजिक योगदान को देखते हुए संस्था द्वारा उन्हें ब्रांड एंबेसडर पद से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही आगामी 22 मार्च 2026 को जयपुर के होटल अक्ष इन, टोंक रोड में आयोजित होने वाले “कन्या जन्म गौरव स्वाभिमान सम्मान समारोह 2026” में भी उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
मानसरोवर में आयोजित होगा निःशुल्क शतरंज प्रशिक्षण शिविर
इस अवसर पर वाणी जैन ने बताया कि "15 मार्च से 29 मार्च 2026 तक मधु बाल निकेतन सीनियर सेकेंडरी (MBN) स्कूल, मानसरोवर (जयपुर) में बच्चों और युवाओं के लिए निःशुल्क शतरंज प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।" इस शिविर में अनुभवी कोचेज विक्रम सिंह (फिडे आर्बिटर), एडवोकेट पियूष शर्मा एवं दीपक राव प्रशिक्षण देंगे।
अभिभावकों और बच्चों से सहभागिता की अपील
उन्होंने अभिभावकों और बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की। संस्था के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि वाणी जैन के नेतृत्व और प्रेरणा से अधिक से अधिक बच्चे शतरंज एवं अन्य खेलों की ओर आकर्षित होंगे और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

