वैश्य महासम्मेलन जयपुर में समाज की एकता पर मंथन, CM भजनलाल शर्मा शामिल
जयपुर में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वैश्य समाज के व्यापार, उद्योग और समाजसेवा में योगदान की सराहना की, UPSC सफल विद्यार्थियों का सम्मान भी हुआ।

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार को आयोजित “वैश्य महासम्मेलन – राजस्थान” में समाज की एकता, संगठन और विकास का सशक्त संदेश गूंजा। अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन – राजस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन के अंतर्गत “मंथन : समाज की शक्ति एवं संगठन के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रदेश वैश्य पदाधिकारियों का समागम” का भव्य शुभारंभ जयपुर स्थित समुराई पैलेस रिसोर्ट में हुआ। प्रदेशभर से पहुंचे वैश्य समाज के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति से सभागार खचाखच भरा रहा और पूरे आयोजन में समाज की एकजुटता और उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने वैश्य समाज के योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य के आर्थिक विकास, व्यापार, उद्योग, रोजगार सृजन और समाजसेवा के क्षेत्र में वैश्य समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज ने व्यापार, पर्यटन, उद्योग और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान में पर्यटन और व्यापार के विस्तार में वैश्य समाज के उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री गौतम दक और विधायक एवं पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वैश्य समाज ने सदैव राष्ट्र और समाज के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है तथा समाज की एकता और संगठन ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण तब देखने को मिला जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में सफल हुए वैश्य समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया। सम्मानित विद्यार्थियों में संभव पाटनी, कार्तिक सिंघल, साक्षी जैन, अनुष्का जैन, मोहित अग्रवाल और हिमांशु जैन शामिल रहे।
सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, राजस्थान प्रभारी ध्रुवदास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष एन.के. गुप्ता, प्रदेश महामंत्री गोपाल गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुरेश कालानी, युवा अध्यक्ष मनीष गुप्ता और महिला विंग अध्यक्ष चारु गुप्ता सहित कई पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए और समाज के संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वागत अध्यक्ष संजय अग्रवाल (AU बैंक), सह-स्वागत अध्यक्ष सुनील जैन और सह-स्वागत अध्यक्ष ताराचंद जी ने अतिथियों और प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने समाज की एकता, संगठन और सेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। वैश्य महासम्मेलन के इस आयोजन ने समाज की संगठित शक्ति और सामाजिक भूमिका को एक बार फिर स्पष्ट रूप से सामने रखा।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
