उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत आयोजित संगोष्ठी और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक रहने, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता अपनाने और अनियमितताओं की शिकायत करने का संदेश दिया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाले रेलवे सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों के लिए 25 हजार रुपये के सामूहिक पुरस्कार की घोषणा की गई।

उत्तर पश्चिम रेलवे पर 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 26 अक्टूबर 2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), जयपुर की डीआईजी एवं शाखा प्रमुख सुश्री मनीषा चौधरी, आईपीएस, ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार व्यक्त किए। उन्होंने कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन उच्च नैतिक मानदंडों के अनुरूप करने के लिए प्रेरित किया।

संगोष्ठी के अतिरिक्त मुख्यालय परिसर में रेलवे सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से रेल कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के प्रति सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की अनियमितता को नजरअंदाज नहीं करने का संदेश दिया गया। नाटक में यह भी बताया गया कि भ्रष्टाचार की कोई घटना सामने आने पर चुप्पी तोड़कर इसकी शिकायत सतर्कता विभाग से करनी चाहिए। प्रस्तुति के माध्यम से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति के महत्व को रेखांकित किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री शिवेंद्र मोहन ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाले कलाकारों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनका उत्साहवर्धन करते हुए 25 हजार रुपये के सामूहिक पुरस्कार की घोषणा की।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यों में उच्च नैतिक मानदंडों का पालन करने, भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने तथा जनसेवा में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री शिवेंद्र मोहन, प्रमुख विभागाध्यक्षों सहित मुख्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सप्ताह के तहत आयोजित ये कार्यक्रम रेलवे में ईमानदारी, जवाबदेही और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा हैं।

Next Story