उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय, जगतपुरा, जयपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार, 15 अगस्त 2026 को महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने ध्वजारोहण किया। समारोह में रेलवे सुरक्षा बल के बैंड शो, डॉग शो, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, तिरंगा गुब्बारे छोड़ने और तिरंगा रैली सहित विभिन्न आयोजन हुए।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, जगतपुरा, जयपुर स्थित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्र गीत और राष्ट्रगान के बाद उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल तथा स्काउट एवं गाइड के परेड का निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस संदेश में रेलकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे पर चल रहे विकास कार्यों का ब्यौरा दिया। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से अपील की कि वे अपने कार्यों और कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग और ईमानदार रहते हुए कार्य करने तथा भारतीय रेलवे को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए समर्पित रहने का संकल्प लें।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने उत्तर पश्चिम रेलवे की उपलब्धियां भी बताईं। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कांस्य पदक विजेता उत्तर पश्चिम रेलवे के रेलकर्मी श्री यशवीर सिंह को देश और उत्तर पश्चिम रेलवे का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में रेलकर्मियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रेल रक्षक दल ने आपात स्थिति में किए जाने वाले बचाव कार्यों के बारे में जानकारी दी। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने डॉग शो का आयोजन भी किया। महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने अन्य अधिकारीगण एवं महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों के साथ स्वतंत्रता के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, मान्यताप्राप्त यूनियनों व एसोसिएशनों के पदाधिकारीगण, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारी एवं सदस्यगण तथा कर्मचारीगण और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपमहाप्रबंधक श्री शशांक ने महाप्रबंधक द्वारा स्वीकृत पुरस्कारों की घोषणा की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जयपुर के पत्रिका गेट, जवाहर सर्किल पर भी रेलवे सुरक्षा बल की ओर से बैंड शो आयोजित किया गया। इसमें देशभक्ति की धुनों की आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ देशभक्तिगीत प्रस्तुत किए गए। इसके अतिरिक्त तिरंगा रैली भी निकाली गई।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story