राजधानी जयपुर में नागरिक सेवाओं को तेज़ और पारदर्शी बनाने की दिशा में चल रहे “शहरी सेवा शिविर 2026” ने मंगलवार को एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया, जब मानसरोवर जोन में आयोजित शिविर के दौरान बड़ी संख्या में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। यह अभियान 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक नगर निगम जयपुर द्वारा राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है।

नगर निगम जयपुर द्वारा आयोजित इस शिविर के तहत मानसरोवर जोन कार्यालय, सेक्टर-9, गोखले मार्ग, शिप्रा पथ रोड पर शिविर का आयोजन किया गया। वहीं आगामी गुरुवार को विद्याधर नगर जोन में विद्याधर नगर जोन कार्यालय, अम्बाबाड़ी सर्किल में शिविर लगाया जाएगा। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराते हुए लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।

शिविर में आमजन की सुविधा के लिए बिजली, पानी, बैठने की समुचित व्यवस्था, छाया और हेल्प डेस्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, ताकि किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्राप्त आवेदनों, सुझावों और लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे नागरिकों को त्वरित राहत मिली।

मानसरोवर शिविर में सामने आए कुछ मामलों में उल्लेखनीय परिणाम भी देखने को मिले। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन करने वाले श्री कृष्णा गुर्जर को आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। वहीं श्रीमती प्रेम देवी शर्मा को उनके मकान का पट्टा आवेदन के तुरंत बाद तैयार कर सौंप दिया गया, जिससे वे अत्यंत प्रसन्न नजर आईं।

शिविर में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से जुड़े 143 आवेदनों पर तत्काल प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना के 5 आवेदन बैंक स्तर पर स्वीकृत हुए। भवन निर्माण से जुड़े 15 प्रकरणों और स्ट्रीट लाइट मरम्मत से जुड़े 10 मामलों का भी त्वरित समाधान किया गया।

शिविर के अंतर्गत शहर में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं नई लाइटें लगाने, सड़क और सीवर मरम्मत, नालों की सफाई, पट्टे जारी करने, लीज होल्ड से फ्री होल्ड प्रक्रिया, यूडी टैक्स व्यवस्था, तथा विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं को सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से लाभार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया भी तेज की गई है।

इन शिविरों के माध्यम से जयपुर शहर में नागरिक सेवाओं की पहुंच को और अधिक सरल, तेज और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आमजन को सीधे लाभ मिल सके और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

Next Story