जयपुर, 24 दिसम्बर। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप नगर निगम जयपुर द्वारा आयोजित किए गए शहरी समस्या समाधान शिविर ने आमजन के लिए राहत और समाधान का मजबूत माध्यम साबित किया है। 16 दिसम्बर से 24 दिसम्बर 2025 तक चलने वाले इन शिविरों में नागरिकों की शिकायतों का एक ही छत के नीचे त्वरित निस्तारण किया गया, जिससे हजारों नागरिक लाभान्वित हुए।

नगर निगम जयपुर के सभी जोन कार्यालय परिसरों में लगाए गए इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया। बुधवार को सिविल लाइन जोन और मुरलीपुरा जोन में फॉलोअप शिविर लगाए गए, जहां आमजन के कार्य मौके पर ही संपन्न किए गए। सिविल लाइन जोन में शिविर का निरीक्षण विधायक श्री गोपाल शर्मा ने किया और पीएम स्वनिधि योजना के 15 लाभार्थियों को चेक वितरित किए। चेक प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरे पर प्रसन्नता झलक उठी।

नगर निगम जयपुर के आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर सभी जोन उपायुक्त शिविरों में उपस्थित रहकर नागरिकों से संवाद कर रहे हैं और शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। डॉ. सैनी ने मुरलीपुरा जोन का औचक निरीक्षण भी किया, नागरिकों से शिविर के बारे में फीडबैक लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शिविरों में सफाई व्यवस्था, डोर टू डोर कचरा संग्रहण, सीवर लाइन कार्य, पट्टा प्रकरण, आवारा पशु नियंत्रण, फायर एनओसी, पीएम स्वनिधि योजना, जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं का लाभ आमजन को प्रदान किया गया।

विशेष रूप से मुरलीपुरा जोन में लगाये गए शिविर में जन्म-मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र के 90, भूखण्ड निर्माण स्वीकृति 7, नाम हस्तांतरण 6, सबडिविजन 7, जनआधार 49 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। सिविल लाइन जोन में पट्टा नामांतरण 14, भवन निर्माण स्वीकृति 1, पीएम स्वनिधि योजना 15, डोर टू डोर कचरा संग्रहण 70 और जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन 54 प्रकरणों का समाधान किया गया।

इन आठ दिवसीय शिविरों के दौरान डोर टू डोर कचरा संग्रहण के 1249, सीवर लाइन मरम्मत के 86, सीसी सड़क के 150, ओपन डिपो समाप्त 128 और रहवासी क्षेत्रों में 283 किलोमीटर लंबाई की सड़कों की सफाई की गई। इसके अतिरिक्त यूडी टैक्स के 50 प्रकरण, स्ट्रीट लाइट, आवारा पशुओं को पकड़ने संबंधी शिकायतें, ट्रेड लाइसेंस और पीएम स्वनिधि योजना से जुड़े अन्य प्रकरण भी निस्तारित किए गए। इस पहल से आमजन को त्वरित राहत मिली और नागरिक सेवाओं की पहुंच में सुधार हुआ।

नगर निगम जयपुर द्वारा आयोजित इन शिविरों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी प्रयासों और सक्रिय निगरानी के माध्यम से शहरी नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और व्यवस्थित समाधान संभव है।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story