जयपुर, 23 दिसंबर। नगर निगम जयपुर द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार 16 से 24 दिसंबर 2025 तक आयोजित “शहरी समस्या समाधान 2025” शिविर ने शहरवासियों के बीच राहत और विश्वास की भावना जगाई है। झोटवाड़ा और वैशाली नगर जोन में हाल ही में संपन्न हुए फोलोअप शिविरों में आमजन को उनके आवेदन का त्वरित समाधान मिलने से नागरिकों में संतोष का माहौल देखा गया।

शहर के विभिन्न वार्डों में आयोजित इन शिविरों में नागरिकों की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे किया गया। उपायुक्त मनीषा यादव ने बताया कि शिविर में जन्म, मृत्यु और विवाह पंजीयन के 50 आवेदन, नाम हस्तांतरण के 13 आवेदन, उपविभाजन/पुनर्गठन के 9 आवेदन, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना के तहत चेक प्रदान किए गए। इस दौरान नगरीय विकास कर से संबंधित आपत्तियों का निस्तारण कर 39 लाख रुपये राजस्व वसूली की गई, वहीं सफाई अभियान में 2.5 किलोमीटर सड़कों की सफाई कर 1 डम्पर कचरा उठवाया गया।

झोटवाड़ा जोन में शिविर के दौरान स्थानीय नागरिक श्री गिर्राज सिंह को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 25,000 रुपये का लोन स्वीकृत कर तुरंत प्रदान किया गया। उन्होंने इस राशि का उपयोग अपने छोटे उद्योग को बढ़ाने और परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए करने की योजना बताई। इसी तरह, श्री सौरभ माथुर को उनके मकान का नाम हस्तांतरण पत्र प्रदान किया गया, जिसे प्राप्त कर वे अत्यंत प्रसन्न दिखे और उन्होंने नगर निगम प्रशासन एवं मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

शिविर का अगला चरण बुधवार, 24 दिसंबर को सिविल लाइन जोन और मुरलीपुरा जोन में आयोजित किया जाएगा। सिविल लाइन जोन के वार्ड 88 से 103 और मुरलीपुरा जोन के वार्ड 01 से 06 तथा 09 से 13 के नागरिकों को उनके आवेदन के त्वरित निस्तारण और विभिन्न सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिलेगा। नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बताया कि शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेंगे और इसका उद्देश्य आमजन को एक ही छत के नीचे राहत प्रदान करना है।

शहरी समस्या समाधान शिविर-2025 ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रशासन का लक्ष्य केवल शिकायत निस्तारण नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को सरल और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना भी है। नागरिकों के लिए इस पहल ने सरकारी प्रक्रियाओं को पारदर्शी और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story