जयपुर, 01 फरवरी। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज है। कर्तव्य भवन में प्रस्तुत किया गया यह पहला बजट है, जिसमें देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को ध्यान में रखते हुए तीन प्रमुख कर्तव्यों-आर्थिक विकास एवं रोजगार वृद्धि, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ सुनिश्चित करना, को केंद्र में रखा गया है।

मंत्री श्री कुमावत ने कहा कि "प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा। राजस्थान जैसे राज्यों को इस बजट का सीधा लाभ मिलेगा।"


कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती

श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं:

  • एआई और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाने की योजना बनाई गई है।
  • पशुपालन एवं डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन दिया गया है।
  • महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर

इस बजट में युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है। स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने से स्थानीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही, विदेश यात्रा और विदेशों में पढ़ाई करना भी सस्ता होगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल

स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर बजट को ऐतिहासिक बताते हुए श्री कुमावत ने निम्नलिखित बिंदुओं पर प्रकाश डाला:

  • बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज सहित अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी।
  • जिला अस्पतालों के उन्नयन और हर जिले में इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर की स्थापना की जाएगी।
  • मानसिक स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा दिया जाएगा।
  • मेडिकल टूरिज्म के लिए राज्यों में पांच रीजनल हब स्थापित किए जाएंगे।

महिला सशक्तिकरण को नई दिशा

"लखपति दीदी योजना के विस्तार के माध्यम से महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड स्वरोजगार, उद्यमिता और स्थानीय बाजार से जोड़ने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उन्हें उच्च शिक्षा में सहायता मिलेगी।"

उद्योग, शिक्षा और खेल को बढ़ावा

देश की आर्थिक मजबूती के लिए सरकार ने बड़े बुनियादी ढांचों की घोषणा की है:

  • 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और 20 नए जलमार्ग।
  • बड़े टेक्सटाइल पार्क और 4 राज्यों में खनिज कॉरिडोर।
  • सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश।
  • खेलो इंडिया मिशन और शिक्षा क्षेत्र में सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर।

कैबिनेट मंत्री श्री कुमावत ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और मजबूत करता है। यह बजट राजस्थान सहित पूरे देश में समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा। श्री जोराराम कुमावत ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी को इस ऐतिहासिक, विकासशील और जनकल्याणकारी बजट के लिए हार्दिक धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

सादर प्रकाशनार्थ

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story