उज्जैन: प्रेम प्रकाश आश्रम में भगवान लक्ष्मी नारायण की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न
सुभाष नगर में नवनिर्मित आश्रम का स्वामी भगत प्रकाश जी के सानिध्य में उद्घाटन हुआ, विशाल शोभा यात्रा के साथ संतों ने सत्संग और अनुष्ठान संपन्न किए।

उज्जैन की बैंक कॉलोनी स्थित नवनिर्मित प्रेम प्रकाश आश्रम के उद्घाटन अवसर पर प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के दौरान उपस्थित संत समाज और श्रद्धालु।
उज्जैन। प्रेम प्रकाश मंडल के संस्थापक आचार्य श्री 1008 सतगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के विशाल वृक्ष की 150 से अधिक शाखाओं में महाकाल भगवान की पावन नगरी उज्जैन में गुरुवार को पूज्य गुरुवर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज के पावन सानिध्य में एक सुंदर आश्रम मुकुलित हुआ। बैंक कॉलोनी, सुभाष नगर उज्जैन में नवनिर्मित प्रेम प्रकाश आश्रम में भगवान लक्ष्मी नारायण, आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊराम जी महाराज, सतगुरु स्वामी सर्वानंद जी महाराज, सतगुरु शान्ति प्रकाश जी महाराज एवं सद्गुरु हरिदास राम जी महाराज के श्री विग्रहों की विधिवत पूजा अर्चना कर प्राण प्रतिष्ठा, हवन यज्ञ अनुष्ठान के साथ संपन्न किया गया।
भव्य शोभा यात्रा और संतों का समागम
आश्रम के उद्घाटन समारोह के पावन अवसर पर विशाल शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें समस्त समाज सम्मिलित हुआ। इस गौरवमयी आयोजन में ग्वालियर से संत हरिओम लाल जी मेहराम, इंदौर से स्वामी लाल चन्द जी, जयपुर से पूज्य स्वामी मोहन लाल जी (स्वामी मोनू राम जी) एवं आस पास के आश्रम के संत एवं प्रेमी सेवादारी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने "पूज्य गुरुदेव एवं संत मंडल के श्री मुख से सत्संग भक्ति का रसपान किया।"
भक्ति और सेवा का नया केंद्र
इस नव निर्मित आश्रम पर अब प्रतिदिन सुबह शाम, भजन, संकीर्तन, सत्संग, आरती, भोग आदि धार्मिक आयोजन विधिवत रूप से होंगे। विशाल शोभा यात्रा और प्राण प्रतिष्ठा के इस अनुष्ठान ने उज्जैन की धर्मधरा पर प्रेम प्रकाश मंडल की आध्यात्मिक उपस्थिति को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
