UGC-NET जून 2026 की पुनः परीक्षा को लेकर जयपुर में 3,733 अभ्यर्थियों की व्यवस्था
जयपुर में UGC-NET जून 2026 की पुनः परीक्षा के लिए 3 केंद्रों पर 3,733 अभ्यर्थियों की व्यवस्था, प्रशासन ने सुरक्षा और तकनीकी इंतजाम किए।

जयपुर जिला प्रशासन ने UGC-NET जून-2026 की पुनः परीक्षा के सफल और सुचारू आयोजन के लिए व्यापक प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जयपुर में परीक्षा 9 और 10 सितंबर 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा के लिए जिले में तीन केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 3,733 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा 9 सितंबर को दो पारियों में तथा 10 सितंबर को एक पारी में होगी। प्रथम पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, कूकस में 1,805 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा व्यवस्था की गई है। श्री बालाजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, बेनाड़ रोड में 1,578 तथा अलंकार महिला पी.जी. महाविद्यालय, सिरसी रोड में 350 अभ्यर्थियों की व्यवस्था की गई है। तीनों परीक्षा केंद्रों पर कुल 3,733 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
जिला कलक्टर ने परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा तिथि से एक दिन पहले प्रत्येक केंद्र पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की पर्याप्त तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कम्प्यूटर सिस्टम, सर्वर, नेटवर्क और परीक्षा सामग्री को अनधिकृत पहुंच एवं छेड़छाड़ से सुरक्षित रखने के साथ साइबर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और परीक्षा सामग्री तथा तकनीकी उपकरणों वाले क्षेत्रों की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर अभिभावकों और अभ्यर्थियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करने, केंद्रों के समीप स्वास्थ्य केंद्र को परीक्षा अवधि में खुला रखने और एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। आवश्यकतानुसार चिकित्सा दल गठित करने को भी कहा गया है।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को कम्प्यूटर आधारित परीक्षा के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का परीक्षा दिवस से पहले निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें पर्याप्त कम्प्यूटर, सर्वर लोड और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच शामिल है। परीक्षा के दौरान निर्बाध इंटरनेट आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने पुलिस विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, विद्युत निरीक्षणालय तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग सहित संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। UGC-NET की पुनः परीक्षा के सुचारू और निर्बाध आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

