उदयपुर में चार अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, पिस्टल, अफीम और 20 लाख रुपये नकद बरामद
उदयपुर की वल्लभनगर पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत श्रीराम होटल पर दबिश देकर बाड़मेर और पंजाब के तस्करों को पकड़ा, संचालक से मिली संदिग्ध नकदी।

जयपुर, 30 मई। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चल रहे अभियान के तहत इन दिनों प्रदेशभर में महत्वपूर्ण कार्यवाहियों को अंजाम दिया जा रहा है। इसी श्रृंखला में उदयपुर की जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ और हथियार तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत उदयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वल्लभनगर क्षेत्र स्थित श्रीराम होटल, कीर की चौकी पर दबिश देकर चार अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार, अफीम, फर्जी नंबर प्लेट लगी कार तथा होटल संचालक के कब्जे से 20 लाख 44 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी वल्लभनगर राजेन्द्र सिंह जैन के नेतृत्व में थाना वल्लभनगर और थाना खेरोदा की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
बाड़मेर के दो तस्कर हथियार और अफीम के साथ गिरफ्तार
पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 213 में अचानक दबिश देकर मोहनलाल उर्फ मुन्ना पुत्र लाखाराम जाट निवासी डउकियों की ढाणी भुरटिया, थाना नागाणा, जिला बाड़मेर के कब्जे से एक अवैध ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद की। वहीं उसके साथी हुकमाराम पुत्र मगाराम सारण निवासी पाबूमाली मोखाब, थाना शिव, जिला बाड़मेर की तलाशी लेने पर 14 ग्राम अफीम और तीन जिंदा कारतूस मिले। प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा सामने आया कि दोनों आरोपी करीब चार क्विंटल डोडा चूरा की बड़ी खेप का सौदा कर उसे मारवाड़ क्षेत्र में पहुंचाने की पूरी तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड को नामजद करते हुए एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर सघन जांच शुरू कर दी है।
पंजाब के दो अंतर्राज्यीय तस्कर भी दबोचे
इसी होटल के कमरा नंबर 108 में भी पुलिस ने समानांतर कार्रवाई करते हुए जसविंदर सिंह और कुलदीप सिंह, दोनों निवासी जिला संगरूर, पंजाब को 8 ग्राम अफीम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपी जिस स्विफ्ट कार से आए थे, उस पर दो अलग-अलग नंबर प्लेटें लगी हुई थीं। उक्त वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अपनी असली पहचान छिपाने और धोखाधड़ी करने का सोची-समझी साजिश के तहत प्रयास किया जा रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने स्थानीय तस्करों से डोडा चूरा खरीदने के लिए मोटी रकम ट्रांसफर की थी। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में एक अलग प्रकरण दर्ज किया गया है।
होटल संचालक के पास मिली 20.44 लाख रुपये नकदी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल संचालक राजेश मेनारिया निवासी बांसड़ा, थाना खेरोदा के कब्जे से 20 लाख 44 हजार रुपये की भारी-भरकम नकद राशि तथा कुछ भूमि संबंधी दस्तावेज और रजिस्ट्रियां बरामद कीं। पुलिस ने इस संदिग्ध नकदी और दस्तावेजों को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर तुरंत आयकर विभाग को सूचना दे दी है। अब बरामद राशि के मुख्य स्रोत और संभावित अवैध लेन-देन के नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।
जिला पुलिस का मानना है कि इस बड़ी कार्रवाई में पकड़े गए शातिर आरोपी एक बहुत बड़े अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब उनके संपर्कों, वित्तीय लेन-देन और संभावित सहयोगियों की भूमिका की गहनता से पड़ताल कर रही है।
इस पूरी सफल कार्रवाई में थाना वल्लभनगर से थानाधिकारी पुनाराम, सहायक उप निरीक्षक राकेश मीणा, हेड कांस्टेबल भंवरलाल, दुधाराम, कांस्टेबल राजेन्द्र, बाबूलाल और प्रमोद तथा थाना खेरोदा से थानाधिकारी सुरेश विश्नोई, हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह तथा सीओ कार्यालय से कांस्टेबल संजय और राकेश शामिल थे।
उदयपुर की जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने इस बड़ी सफलता पर कहा कि उदयपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के विरुद्ध चलाया जा रहा यह विशेष अभियान आगे भी इसी दृढ़ता और आक्रामकता के साथ जारी रहेगा तथा अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
