उदयपुर जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सायरा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1323.740 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 98 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा ईटियोस कार और बोलेरो पिकअप भी जब्त की हैं।

जयपुर, 10 सितम्बर। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मुकुल शर्मा एवं वृत्ताधिकारी वृत्त गिर्वा श्री छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी सायरा श्री शैतान सिंह नाथावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मग्गा से काम्बा जाने वाली सड़क पर घाटे के अंदर कुछ तस्कर कट्टों से भरी गाड़ियों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां सफेद रंग की एक ईटियोस कार और सफेद रंग की एक बोलेरो पिकअप खड़ी मिली।

पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों में मौजूद तस्कर अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर झाड़ियों की ओर भाग निकले। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों वाहनों की तलाशी ली। वाहनों में प्लास्टिक के कट्टों में भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा भरा मिला।

पुलिस ने मौके से कुल 66 कट्टे जब्त किए। इनका कुल वजन 1323.740 किलोग्राम पाया गया। जब्त डोडा चूरा की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 98 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया।

वाहनों की तलाशी के दौरान पुलिस को मोबाइल फोन, आधार कार्ड, फर्जी नंबर प्लेटें और अन्य संदिग्ध दस्तावेज भी मिले। पुलिस इन दस्तावेजों और मोबाइल फोन के आधार पर फरार तस्करों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

कार्रवाई में थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रामदयाल, नरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रूपाराम, लोकेन्द्र सिंह, गुमान सिंह, पुष्पराज सिंह, काना पुरी और मुकेश शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।

सायरा थाना पुलिस की इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा, तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहन, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन और संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं। फरार तस्करों की तलाश के लिए पुलिस ने बरामद सामग्री के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है।

Next Story