उदयपुर की लाइफलाइन कही जाने वाली देवास-तृतीय एवं देवास-चतुर्थ पेयजल परियोजना अब अपने अंतिम और निर्णायक पड़ाव की ओर तेजी से अग्रसर है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को परियोजना के निर्माणाधीन स्थलों का हवाई निरीक्षण कर कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उदयपुर के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चल रहे बांध निर्माण, टनल-3 के विभिन्न एडिट पॉइंट्स और अन्य तकनीकी कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

हवाई दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना के डैम एक्सिस तथा टनल-3 के 3.15 किमी, 5.325 किमी और 9.10 किमी के निर्माण बिंदुओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद वरिष्ठ प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों के साथ परियोजना की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर गहन विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के कार्य न केवल निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण होने चाहिए, बल्कि उनमें निर्माण की उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा के कड़े मानकों का अक्षरसः पालन सुनिश्चित किया जाए।

परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बांध और टनल निर्माण के साथ ही पुनर्वास संबंधी कार्यों की अद्यतन जानकारी दी। देवास-तृतीय एवं चतुर्थ परियोजना का पूर्ण होना उदयपुर के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी, जिससे न केवल शहर बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल आपूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान मिल सकेगा। मुख्यमंत्री के इस दौरे ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकार इस परियोजना को लेकर कितनी गंभीर है, जिसका सीधा लाभ आने वाले समय में लाखों निवासियों को मिलेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story