टोंक पुलिस की बड़ी कामयाबी: 15 दिन में ऑयल पाइपलाइन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 11 घंटे में अपहरण कांड सुलझाया
टोंक पुलिस ने 15 दिन में IOCL पाइपलाइन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया, 11 घंटे में अपहरण कांड सुलझाया और महिला सुरक्षा अभियान भी चलाया।

टोंक जिले में पुलिस अधीक्षक श्री रोशन मीना के निर्देशन में जिला पुलिस ने संगठित अपराध के विरुद्ध समयबद्ध, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगातार तीन महत्वपूर्ण मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की SMPL क्रूड ऑयल पाइपलाइन से चोरी करने वाले अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का खुलासा, एक करोड़ रुपये की फिरौती के लिए किए गए अपहरण का महज 11 घंटे में पर्दाफाश तथा महिला सुरक्षा संकल्प एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।
थाना पचेवर पुलिस ने श्री रोशन मीना, पुलिस अधीक्षक टोंक के निर्देशन में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की SMPL क्रूड ऑयल पाइपलाइन से चोरी करने वाले अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का मात्र 15 दिन में खुलासा करते हुए 6 राज्यों से 12 आरोपियों को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना मुन्ने फौजी (मेरठ) सहित कुल 12 आरोपियों को विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अजमेर जिले के मोतीपुरा (नसीराबाद सदर) एवं देवरा (मांगलियावास) क्षेत्र में भी इसी प्रकार की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
वहीं थाना निवाई पुलिस ने श्री रोशन मीना, पुलिस अधीक्षक टोंक के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण कर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के प्रकरण का महज 11 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत बालक को सकुशल दस्तयाब किया तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया। मामले में आरोपी आशीष मीना एवं आदित्य काला के पास अवैध हथियार मिलने पर थाना सरुड़, जिला कोटपुतली-बहरोड़ में आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करवाया गया।
इसी क्रम में महिला सुरक्षा संकल्प एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत श्री रोशन मीना, पुलिस अधीक्षक टोंक के निर्देशन में 25 जुलाई 2026 को न्यू स्कूल टोंक में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), पॉक्सो अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी कानून सहित महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
इन तीनों कार्रवाइयों के माध्यम से टोंक पुलिस ने संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई, गंभीर आपराधिक मामलों के त्वरित खुलासे तथा महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता को लेकर अपने अभियान को आगे बढ़ाया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
