टोंक पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फर्जी टेलीग्राम चैनलों के जरिए ट्रेडिंग और गेमिंग ऐप्स में निवेश के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से साइबर ठगी से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो एस-11, एक लैपटॉप, आठ मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक और ₹15,150 नकद बरामद किए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में साइबर अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव एवं वृताधिकारी मृत्युंजय मिश्रा के सुपरविजन में थानाधिकारी सदर अंकेश कुमार तथा डीएसटी प्रभारी उप निरीक्षक ओमप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी GTMOFX ID, Forex Team, Gold Trader और Vicky Trade जैसे फर्जी टेलीग्राम चैनल संचालित करते थे। इन चैनलों के माध्यम से लोगों को ट्रेडिंग और गेमिंग ऐप्स में निवेश करने पर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद आरोपियों द्वारा विभिन्न बैंक खातों में राशि जमा करवाकर साइबर ठगी की जाती थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के विरुद्ध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अब तक 12 शिकायतें दर्ज हैं। इन बैंक खातों में लाखों रुपये के लेन-देन होने की संभावना है। पुलिस अब पूरे धन नेटवर्क (Money Trail) की जांच कर रही है।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बनाकर साइबर ठगी करता था। पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य सदस्यों, बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में ऋषभ मीणा निवासी मौकपुरा, उनियारा, रामकेश प्रजापत निवासी ढिकोलिया, उनियारा, गणेश प्रजापत निवासी पारली, अलीगढ़ और राकेश मीणा निवासी नवाबपुरा, मेहंदवास शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 08 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 01 स्कॉर्पियो एस-11, ₹15,150 नकद तथा बैंक पासबुक एवं चेकबुक बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई से साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और डिजिटल माध्यमों की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Next Story