टोंक पुलिस ने नशे के कारोबार और साइबर अपराध के खिलाफ एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन संकल्प नशा मुक्त टोंक और ऑपरेशन साइबर वॉर के तहत की गई इन कार्रवाइयों में पुलिस ने करीब 20 लाख रुपए कीमत की 92.33 ग्राम स्मैक बरामद की। वहीं, 61 अलग-अलग सिम कार्ड का इस्तेमाल कर साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर ठग को भी गिरफ्तार किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव और वृत्ताधिकारी वृत्त निवाई रविप्रकाश शर्मा के निकटतम सुपरविजन में स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की गई। थानाधिकारी निवाई सदर राजेन्द्र प्रसाद मय टीम और जिला स्पेशल टीम प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी मय टीम ने रविवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए निवाई सदर क्षेत्र से दो आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने उनके कब्जे से 92.33 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन जब्त किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयराज (28) पुत्र रामकिशन बैरवा और विकास (22) पुत्र बनवारी लाल बैरवा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी अलीपुरा थाना मेहन्दवास जिला टोंक के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की कीमत करीब 20 लाख रुपए है।

वहीं, ऑपरेशन साइबर वॉर के तहत दतवास थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों, म्यूल अकाउंट धारकों और फर्जी सिम उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़े स्तर पर साइबर ठगी में शामिल आरोपी सुनील को गिरफ्तार किया। दतवास थानाधिकारी निरम मय टीम ने बीड की ढाणी भरथला थाना दतवास निवासी सीताराम मीणा के पुत्र सुनील (18 वर्ष 3 माह) को डिटेन किया।

साइबर पोर्टल पर जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 2,92,000 रुपए की कुल 7 शिकायतें दर्ज मिलीं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी के लिए कुल 61 अलग-अलग फर्जी सिम कार्ड, फर्जी बैंक खातों, म्यूल अकाउंट्स और फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल का सुनियोजित तरीके से इस्तेमाल कर रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने फ्रॉड में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के जरिए करीब 20 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन की बात कबूल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और 01 एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना दत्तवास में मामला दर्ज किया गया है। मामले का अग्रिम अनुसंधान थानाधिकारी पीपलू द्वारा किया जा रहा है।

टोंक पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों में एक ओर करीब 20 लाख रुपए की स्मैक के साथ दो कथित तस्करों को पकड़ा गया, वहीं दूसरी ओर 61 फर्जी सिम कार्ड के जरिए साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दर्ज शिकायतों और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Next Story