बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग करने के बाद फरार हुए तीन आरोपियों को राजस्थान पुलिस ने कोटा रेलवे स्टेशन से दस्तयाब किया है। कोटा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ा। आरोपी राजस्थान के रास्ते विदेश भागने की फिराक में थे। पुलिस ने अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियों को सूचना दे दी है।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार कोटा शहर पुलिस ने पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में यह कार्रवाई की। एसपी गौतम ने बताया कि विगत दिवस मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ के वाहन पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की थी। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे।

इस मामले में कोटा शहर पुलिस को आसूचना और तकनीकी इनपुट मिले थे कि फायरिंग में शामिल शूटर राजस्थान के रास्ते फरार होने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और संदिग्धों के हुलिये के आधार पर घेराबंदी की और कोटा रेलवे स्टेशन परिसर से तीनों आरोपियों को दस्तयाब कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में रेहान उर्फ सुक्का पुत्र रहीसुद्दीन, उम्र 18 वर्ष, निवासी ईदगाह कॉलोनी, सोनीपत, हरियाणा और ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर पुत्र रामू महतो, उम्र 22 वर्ष, निवासी पिपराई, बेगूसराय, बिहार, हाल निवासी अंधेरी वेस्ट, मुंबई शामिल हैं। इनके साथ एक नाबालिग बालक को भी डिटेन किया गया है।

कोटा शहर पुलिस तीनों से गहन पूछताछ कर रही है। प्राथमिक पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियों को आधिकारिक रूप से सूचित कर दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित पुलिस और जांच एजेंसियों के स्तर पर की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना रेलवे कॉलोनी के एसएचओ रामस्वरूप मीणा, थाना भीमगंजमंडी के एसएचओ रामविलास मीणा, डीएसटी इंचार्ज उपनिरीक्षक लईक अहमद, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजय सिंह, एजीटीएफ के उपनिरीक्षक प्रताप सिंह, आरपीएफ कोटा थाना इंचार्ज पुलिस निरीक्षक चोप सिंह डाबर और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोटा पुलिस की इस कार्रवाई से मुंबई में अभिनेता के वाहन पर फायरिंग के मामले में फरार आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

Next Story