जयपुर, 20 दिसंबर।

राजधानी जयपुर के जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित देश के प्रतिष्ठित बी2बी और बी2सी ज्वैलरी एग्जीबिशन ‘जयपुर ज्वैलरी शो’ (जेजेएस) के दूसरे दिन वीकेंड पर ज्वैलरी उद्योग की जीवंत तस्वीर देखने को मिली। शनिवार को करीब 14,000 आगंतुकों की भारी उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि जेजेएस न केवल व्यापारिक दृष्टि से, बल्कि ज्वैलरी प्रेमियों के लिए भी एक प्रमुख आकर्षण बन चुका है। देश-विदेश से आए ज्वैलरी रिटेलर्स, ट्रेडर्स, डिज़ाइनर्स और खरीदारों की सक्रिय भागीदारी से आयोजन स्थल दिनभर उत्साह और रौनक से सराबोर रहा।

चार दिवसीय इस शो में पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक डिज़ाइनों का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। इस वर्ष ‘कलर्ड जेमस्टोन्स – शेपिंग ड्रीम्स इन एवरी कलर’ थीम पर केंद्रित जेजेएस में गोल्ड, डायमंड, कुंदन, पोल्की और सिल्वर ज्वैलरी की विस्तृत रेंज ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। रंगीन रत्नों पर विशेष फोकस के चलते डिज़ाइनर बूथ्स चर्चा का विषय बने हुए हैं, जहां नवीनतम ट्रेंड्स और अनोखे कलेक्शंस प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

जेजेएस के मानद सचिव श्री राजीव जैन ने बताया कि शो में आने वाले आगंतुक केवल खरीदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे स्टॉल ओनर्स और डिज़ाइनर्स से सीधे संवाद कर ज्वैलरी निर्माण प्रक्रिया, बदलते ट्रेंड्स और बाजार की नवीनतम संभावनाओं को भी समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारिक दृष्टि से जेजेएस नेटवर्किंग और नए व्यापारिक अवसरों का एक प्रभावी मंच बनकर उभरा है, जहां उद्योग के विभिन्न वर्गों के बीच सार्थक संवाद हो रहा है।

शो के दौरान जेजेएस ऑर्गेनाइजिंग कमेटी और पहली बार भारत आए ताइवान प्रतिनिधिमंडल के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित हुई। प्रतिनिधिमंडल ने आयोजन की व्यवस्थाओं और व्यापारिक संभावनाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आगामी वर्षों में भी जेजेएस में भागीदारी की इच्छा जताई। उल्लेखनीय है कि ताइवान प्रतिनिधिमंडल के लगभग 90 प्रतिशत सदस्य पहली बार भारत आए थे, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जेजेएस की बढ़ती प्रतिष्ठा का संकेत मिलता है।

दूसरे दिन ‘अनकट’ अनफिल्टर्ड डायलॉग्स सेगमेंट के अंतर्गत आयोजित चर्चाओं ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा। इस कड़ी में श्री राजीव जैन और लक्ष्मी डायमंड्स के सीएमडी चेतन मेहता के बीच हुए कॉफी सेशन में उद्योग से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा हुई। श्री जैन ने कहा कि जेजेएस गुणवत्ता और सेवा के मामले में स्वयं को अपना सबसे बड़ा प्रतिस्पर्धी मानता है और हर संस्करण के साथ मानक ऊंचे करने का प्रयास करता है। उन्होंने ज्वैलरी के स्थायी मूल्य पर जोर देते हुए कहा कि आभूषण ऐसा उत्पाद है, जिसकी कीमत समय के साथ घटती नहीं। शो के भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में जेजेएस को 2,000 बूथ्स तक विस्तारित करने की योजना है, जिससे एग्जीबिटर्स को अधिक स्थान और सुविधाएं मिल सकेंगी।

इससे पूर्व जीआईए द्वारा प्रस्तुत ‘द अल्योर ऑफ नवरत्न’ विषय पर आयोजित नॉलेज सेशन में नौ ग्रहों से जुड़े नौ रत्नों के महत्व, उनकी विशेषताओं और भौगोलिक उत्पत्ति पर विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं, ‘द जयपुर इफेक्ट – द न्यू रोमांस ऑफ ग्लोबल लग्जरी’ सेशन में जयपुर की कारीगरी, आध्यात्मिकता और शाही सौंदर्य की वैश्विक लग्ज़री बाजार में बढ़ती पहचान पर विचार रखे गए।

जेजेएस की एक विशिष्ट पहचान बन चुका एक्सक्लूसिव बी2बी पवेलियन ‘पिंक क्लब’ भी आगंतुकों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। जेजेएस वाइस चेयरमैन श्री दिनेश खटोरिया के अनुसार, इस वर्ष पिंक क्लब में 74 प्री-फैब्रिकेटेड बूथ्स के साथ बी2बी ग्राहकों के लिए विशेष लाउंज, कॉम्पलीमेंट्री चाय-कॉफी और मुफ्त वाई-फाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इस वर्ष जेजेएस के साथ आयोजित 8वें जयपुर ज्वैलरी डिज़ाइन फेस्टिवल (जेजेडीएफ) ने भी विशेष पहचान बनाई। जेजेएस के डॉ. नवल अग्रवाल के अनुसार, जेजेडीएफ के अंतर्गत 67 बूथ्स लगाए गए हैं, जहां प्रमुख डिज़ाइन संस्थान, युवा डिज़ाइनर्स और स्टार्ट-अप्स अपनी कलेक्शंस प्रस्तुत कर रहे हैं। लाइव डेमोंस्ट्रेशन और हैंड्स-ऑन वर्कशॉप्स के माध्यम से ज्वैलरी निर्माण की बारीकियों को करीब से समझने का अवसर भी आगंतुकों को मिल रहा है।

जेजेडीएफ के अंतर्गत क्यूरेट किए गए आर्टिसन्स पवेलियन ने पारंपरिक शिल्पकला की समृद्ध विरासत को मंच प्रदान किया। कुंदन मीना, थेवा ज्वैलरी, चिताई आर्ट, जेमस्टोन कार्विंग और फैसेटिंग जैसी कलाओं के लाइव डेमोंस्ट्रेशन ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।

इसी क्रम में जेजेएस-इंडियन ज्वैलर डिज़ाइन अवार्ड्स-2025 का भव्य आयोजन जयपुर में संपन्न हुआ, जहां देशभर से आई 834 से अधिक प्रविष्टियों में से 19 उत्कृष्ट डिज़ाइनों को सम्मानित किया गया। अभिनेत्री डायना पेंटी की मौजूदगी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इस समारोह को यादगार बना दिया।

22 दिसंबर तक चलने वाला जयपुर ज्वैलरी शो न केवल ज्वैलरी उद्योग की वर्तमान दिशा को दर्शा रहा है, बल्कि भविष्य की संभावनाओं की भी झलक दे रहा है। देश और विदेश से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया यह संकेत देती है कि जेजेएस वैश्विक ज्वैलरी मंच पर अपनी मजबूत पहचान लगातार और सुदृढ़ कर रहा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story