जयपुर। खण्डेलवाल वैश्य समाज की एकता, सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक चेतना का विराट संगम रविवार, 21 दिसंबर 2025 को खण्डेलाधाम में साकार होने जा रहा है। श्री खण्डेलवाल वैश्य तीर्थ स्थान ट्रस्ट, खण्डेलवाल वैश्य धाम खण्डेला (जिला सीकर) के तत्वावधान में आयोजित खण्डेलवाल वैश्य महाकुंभ में देश-विदेश से समाज के हजारों लोग एकत्रित होंगे, जिससे यह आयोजन समाज के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

अखिल भारतीय नाटाणी परिवार समिति के राष्ट्रीय महामंत्री गोविन्द नाटाणी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महाकुंभ में खण्डेलवाल वैश्य समाज के 72 गोत्रों के परिवारों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। समाज की 37 कुलदेवियों की सामूहिक महाआरती इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी, जो प्रातः 11.30 बजे विधिविधान से संपन्न की जाएगी। इसके पश्चात दोपहर 12.15 बजे सम्मान समारोह का आयोजन होगा, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

महाकुंभ में युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, शिक्षकों, वरिष्ठजनों के साथ-साथ सरकारी और निजी क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता का प्रयास किया गया है। इसके अलावा प्रवासी राजस्थानियों तथा देश-विदेश में निवासरत खण्डेलवाल वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति से यह आयोजन वैश्विक स्वरूप ग्रहण करेगा।

आयोजन को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जयपुर से खण्डेलाधाम तक विशेष बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक समाजजन इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बन सकें। खण्डेलवाल वैश्य महाकुंभ न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगा, बल्कि समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का सशक्त संदेश भी देगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story