थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी राजस्थान प्रवास पर, जयपुर-जोधपुर का करेंगी भ्रमण
मुख्य सचिव ने थाई एम्बेसी के साथ सुरक्षा और प्रोटोकॉल की समीक्षा की, 6 से 10 फरवरी तक ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन करेंगी राजकुमारी।

जयपुर में शासन सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और थाई एम्बेसी की एम्बेसडर सुश्री चवनार्ट थांगसुमफैंट राजकुमारी के राजस्थान दौरे की तैयारियों पर चर्चा करते हुए।
थाईलैंड की राजकुमारी प्रिंसेस सिरिवन्नावरी नारिरताना राजकन्या 6 से 10 फरवरी तक राजस्थान प्रवास पर रहेंगी। राज्य की "अतिथि देवो भव:" की परंपरा से वह रूबरू होंगी। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने उनकी यात्रा प्रवास को लेकर बुधवार को शासन सचिवालय में रॉयल थाई एम्बेसी की एम्बेसडर सुश्री चवनार्ट थांगसुमफैंट सहित थाई एम्बेसी और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की।
भारत-थाईलैंड संबंधों में मजबूती और अतिथि सत्कार
मुख्य सचिव ने कहा कि राजस्थान की पूरे विश्व में "अतिथि देवो भव:" की परंपरा की अपनी अनूठी पहचान है। ऐसे में प्रिंसेस सिरिवन्नावरी नारिरताना राजकन्या की मेहमान नवाजी का अवसर मिलना राज्य के लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा—
"थाई राजकुमारी का यह दौरा भारत-थाईलैंड संबंधों में और अधिक गहरे सामरिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को प्रोत्साहित करेगा।"
मुख्य सचिव ने प्रिंसेस की यात्रा के दौरान निम्नलिखित समस्त पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की:
- पुलिस तैयारियां और सुरक्षा इंतजाम
- यातायात व्यवस्था
- प्रोटोकॉल संबंधी इंतजाम
भ्रमण कार्यक्रम: जयपुर और जोधपुर की सांस्कृतिक विरासत
प्रिंसेस सिरिवन्नावरी नारिरताना राजकन्या अपने प्रवास के दौरान जयपुर एवं जोधपुर का भ्रमण करेंगी। इस दौरान उन्हें राजस्थान की समृद्ध हस्तशिल्प कला, शिल्पकला, संस्कृति, विरासत एवं पारंपरिक आतिथ्य से भी अवगत कराया जाएगा। प्रस्तावित स्थल इस प्रकार हैं:
- जयपुर: आमेर किला, हवामहल, सिटी पैलेस, त्रिपोलिया बाजार सहित अन्य प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थल।
- जोधपुर: मेहरानगढ़ किला, उम्मेद भवन पैलेस, जसवंत थड़ा सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थल।
रॉयल थाई एम्बेसी की एम्बेसडर सुश्री चवनार्ट थांगसुमफैंट ने कहा—
"राजकुमारी ने राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान से प्रभावित होकर अपनी इस यात्रा के लिए राजस्थान का चयन किया है।"
एंबेसडर ने राज्य सरकार द्वारा की जा रही समस्त तैयारियों के लिए मुख्य सचिव का आभार जताया।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी
तैयारियों की समीक्षा बैठक में प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे:
- श्री प्रवीण गुप्ता (अतिरिक्त मुख्य सचिव, पर्यटन, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग)
- श्री नवीन जैन (प्रमुख शासन सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग)
- श्री संजय कुमार अग्रवाल (महानिदेशक पुलिस, कानून एवं व्यवस्था)
- श्रीमती पूनम (जयपुर संभागीय आयुक्त)
- श्रीमती रूक्मणि रियार (आयुक्त पर्यटन विभाग)
- डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी (जयपुर जिला कलेक्टर)
वीसी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) के माध्यम से जुड़े अधिकारी:
- श्री राजीव कुमार शर्मा (पुलिस महानिदेशक)
- डॉ. प्रतिभा सिंह (जोधपुर संभागीय आयुक्त)
- श्री गौरव गोयल (जोधपुर कलेक्टर)
- श्री ओम प्रकाश (जोधपुर पुलिस आयुक्त)
थाई प्रतिनिधिमंडल के सदस्य
बैठक में थाई एम्बेसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिनमें शामिल हैं:
- रॉयल थाई नेवी कैप्टन नत्तापोंग फान्नाराई
- श्री किरण मूंगटिन (उप प्रमुख मिशन)
- सुश्री अंजली सिंह (राजनीतिक एवं आर्थिक सहायक)
- श्री फनुविट वेजसमफान (प्रथम सचिव)
- सीडीपी थोरानिन गजसेनी
- श्री डेनी जोसेफ (प्रोटोकॉल सहायक)
- श्री चायनिन श्रीविसेथ (विदेश मंत्रालय थाईलैंड)
- श्री जिरासक (महावाणिज्यदूत/कांसुल जनरल, कोलकाता)

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
