टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन के शाहजहांपुर विस्तार से पांच राज्यों की रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिली।

केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद तथा केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने 06 जुलाई, 2026 को टनकपुर, नांदेड और पीलीभीत स्टेशन से टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहांपुर तक विस्तार हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। इस पहल से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत हो गया है।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति दी गई थी और अब इन ट्रेनों का संचालन प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहांपुर तक विस्तार भी शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में परिवर्तन का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विशेष ध्यान के कारण प्रत्येक राज्य को पहले की तुलना में कई गुना अधिक बजट आवंटित किया जा रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37,000 किलोमीटर नए रेल ट्रैक बनाए गए हैं तथा 99.6 प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और अगले वर्ष इसका संचालन शुरू हो जाएगा। पूर्वी एवं पश्चिमी कॉरिडोर का कार्य पूरा हो चुका है तथा दोनों कॉरिडोर को जोड़ने के लिए भी कार्य किया जाएगा।

रेल मंत्री ने कहा कि भारतीय रेल गरीबों और मध्यम वर्ग की प्रमुख परिवहन व्यवस्था है, इसलिए किफायती सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सामान्य द्वितीय श्रेणी के 12,000 नए कोचों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से 4,000 कोच तैयार होकर ट्रेनों में लगाए जा चुके हैं और इससे यात्रियों को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि इस ग्रीष्मकालीन सीजन में रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनें चलाई गईं। पिछले दीपावली और छठ पर्व पर 12,000 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया था। आगामी रथ यात्रा के अवसर पर 300 तथा ओणम पर्व पर 100 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की रेल संबंधी मांगों पर विचार करने का भी आश्वासन दिया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दिन उत्तराखंड, विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस केवल एक नई रेल सेवा नहीं बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक एकता का सशक्त सेतु है।

उन्होंने कहा कि टनकपुर कुमाऊं क्षेत्र का प्रवेश द्वार है और यहीं से पूर्णागिरि मंदिर तथा आदि कैलाश के लिए मार्ग जाता है। क्षेत्र की लंबे समय से मांग थी कि मध्य और दक्षिण भारत के लिए सीधी ट्रेन चलाई जाए, जिससे महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के माध्यम से उत्तराखंड तक रेल संपर्क स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से महाराष्ट्र से उत्तराखंड आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी तथा उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को नया बाजार उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड में अमृत भारत स्टेशनों का पुनर्विकास कर आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुंबई से पवित्र नगरी नांदेड जाने के लिए यात्रियों को एक अतिरिक्त एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा मिल गई है। उन्होंने कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

टनकपुर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह ने टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टनकपुर गुरू नानक देव जी और गुरू हरगोविंद सिंह जी की यात्रा से जुड़ा रहा है और अब यहां के लोग सीधे दसवें गुरू गुरू गोविंद सिंह की पवित्र धरती नांदेड पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि इन दोनों एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन से सिख श्रद्धालुओं सहित क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार से क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग पूरी हुई है और यह लोगों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि यहीं से हिमालयी क्षेत्र प्रारंभ होता है और अधिकांश लोग यहीं से अपनी रेल यात्रा शुरू करते हैं। उन्होंने बताया कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।

पीलीभीत में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने टनकपुर-पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक विस्तार तथा टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस के संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे पीलीभीत क्षेत्र के सिख श्रद्धालुओं सहित सभी वर्गों के लोगों को नांदेड और मार्ग में पड़ने वाले शहरों तक सीधी रेल सुविधा मिल गई है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से पीलीभीत टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पीलीभीत क्षेत्र को मिनी पंजाब के रूप में जाना जाता है और यहां से स्वर्ण मंदिर, अमृतसर के लिए एक ट्रेन की आवश्यकता है। इस मांग की ओर उन्होंने रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

पीलीभीत में आयोजित समारोह को सांसद श्री मिथलेश कुमार ने भी संबोधित किया। वहीं नांदेड स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने नांदेड-टनकपुर तथा नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताया। टनकपुर में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने सम्मानित अतिथियों का स्वागत किया, जबकि पीलीभीत में अपर मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर ने अतिथियों का स्वागत किया। नई रेल सेवाओं और विस्तारित मार्गों के संचालन से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story