सुमेरपुर, 23 जुलाई। विधानसभा क्षेत्र के तखतगढ़ के सौंदर्यीकरण और विकास को गति देने के लिए गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने तखतगढ़ की मुख्य सड़क पर प्रस्तावित भव्य प्रवेश द्वार (वेलकम गेट) निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने बताया कि तखतगढ़ नगर के प्रमुख मार्ग को नई पहचान देने के उद्देश्य से सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा प्रवेश द्वार निर्माण के लिए लगभग ₹180 लाख (1.80 करोड़ रुपये) की राशि स्वीकृत की गई है। प्रस्तावित प्रवेश द्वार का निर्माण आधुनिक और आकर्षक स्थापत्य कला के अनुरूप किया जाएगा।

मंत्री श्री कुमावत ने कहा कि यह प्रवेश द्वार तखतगढ़ नगर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के साथ ही यहां से गुजरने वाले राहगीरों और प्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

₹180 लाख की लागत से बनने वाले इस प्रवेश द्वार को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलापट्ट का अनावरण किया गया।

कार्यक्रम में सरस डेयरी, पाली के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, एसडीएम कालूराम कुम्हार, नगरपालिका के निवर्तमान अध्यक्ष ललित रांकावत, निवर्तमान उपाध्यक्ष मनोज नामा, नगरपालिका के ईओ महेंद्र बंजारा, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, मण्डल अध्यक्ष पारस घांची, सुमेरपुर के तहसीलदार मोहनलाल चौधरी, पूर्व मण्डल महामंत्री दिनेश कुमावत, मण्डल उपाध्यक्ष राम सिंह, मण्डल मंत्री राजेश कुमावत, व्यापार एवं उधोग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष चम्पालाल कुमावत सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

तखतगढ़ में प्रस्तावित भव्य प्रवेश द्वार निर्माण कार्य को नगर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद यह मुख्य मार्ग की पहचान के रूप में विकसित होगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story