सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के तखतगढ़ में गुरुवार 23 जुलाई को आयोजित शहरी सेवा शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया गया। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने तखतगढ़ नगरपालिका परिसर पहुंचकर विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने स्वायत्त शासन विभाग की ओर से संचालित ‘शहरी सेवा शिविर अभियान-2026’ के अंतर्गत आयोजित फॉलो-अप शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया तथा मौके पर ही राहत राशि और प्रमाण-पत्र वितरित किए।

शिविर में मंत्री कुमावत ने प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत पक्का मकान बनाने के लिए 11 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में 50-50 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराते हुए 7 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में 15-15 हजार रुपये की ऋण सहायता राशि वितरित की।

शिविर के दौरान वर्षों से लंबित प्रशासनिक कार्यों का मौके पर निस्तारण किया गया। कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने धारा 69-क के तहत आवासीय पट्टों का वितरण करते हुए 9 लाभार्थियों को उनके मकान का मालिकाना हक प्रदान किया। इसके साथ ही संपत्ति हस्तांतरण और राजस्व रिकॉर्ड को दुरुस्त करने की प्रक्रिया के तहत 7 नागरिकों को नामांतरण (म्यूटेशन) प्रमाण-पत्र सौंपे गए।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जरूरतमंद और बुजुर्ग लाभार्थियों को भी राहत मिली। मंत्री श्री कुमावत ने 2 लाभार्थियों को पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बिना किसी परेशानी के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने तखतगढ़ नगरपालिका प्रशासन और स्वायत्त शासन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक ‘शहरी सेवा शिविर अभियान-2026’ के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को अपने कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है, ताकि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर सके।

फॉलो-अप शिविर के दौरान एसडीएम कालूराम कुम्हार, सरस डेयरी, पाली के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, तख्तगढ नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) महेंद्र बंजारा, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, मन की बात कार्यक्रम के जिला संयोजक शिवराज सिंह बिठिया, तख्तगढ के मण्डल अध्यक्ष पारस घांची, निवर्तमान पार्षद देवाराम चौधरी, पूर्व मण्डल महामंत्री दिनेश कुमावत, मण्डल उपाध्यक्ष रामसिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

तखतगढ़ में आयोजित इस फॉलो-अप शिविर के माध्यम से आवास, स्वरोजगार, पट्टे, नामांतरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के अभियान को गति मिली।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story