सदगुरु टेऊँराम जयंती से पहले अमरापुर धाम में 140 व्यंजनों का लगा भोग, 51 बटुकों ने ग्रहण की प्रसादी
जयपुर के श्री अमरापुर स्थान में सदगुरु टेऊँराम जयंती से पहले 140 व्यंजनों का भोग और 51 बटुकों को भोजन प्रसादी कराई गई।

जयपुर के श्री अमरापुर स्थान में आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के समक्ष 140 प्रकार के व्यंजनों का भोग सजाया गया है।
आचार्य श्री 1008 सतगुरू स्वामी टेऊँराम महाराज के 140वें जन्मोत्सव के चतुर्थ दिन जयपुर स्थित श्री अमरापुर स्थान में धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुए। शनिवार को गुरुकुल के 51 बटुकों को भोजन प्रसादी करवाई गई, वहीं आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के समक्ष 140 व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
गुरुकुल के 51 बटुक ब्राह्मणों ने स्वस्ति वाचन पाठ के साथ अनेक मंत्रोच्चारण करते हुए भोजन ग्रहण किया। भोजन प्रसादी के पश्चात गुरुकुल के बच्चों को संतों द्वारा फल-फ्रूट, नोट बुक, पेन, दक्षिणा सहित विभिन्न प्रकार के उपहार भेंट किए गए।
शनिवार 18 जुलाई को आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के समक्ष मान-मनुहार कर 140 व्यंजनों का भोग लगाया गया। इसमें ढोढा चटनी महाप्रसादी के साथ सिंधी व्यंजनों मेसू, टिक्की, कराची हलवा, खोराक, सिंघर की मिठाई, मठरी, गुजिया, सिंधी हलवा, नमकीन, घेवर, सिंधी माल पुडे सहित अनेक प्रकार के व्यंजन शामिल रहे। इन व्यंजनों की सुगंध से अमरापुर धाम भक्तिमय वातावरण में महक उठा।
इसके बाद अहमदाबाद, अजमेर आदि स्थानों से आए गायक कलाकारों ने सुंदर भजनों के माध्यम से आचार्य श्री सदगुरु टेऊँराम जी महाराज की महिमा का गुणगान किया। संतों ने सदगुरु टेऊँराम जी महाराज द्वारा रचित आध्यात्मिक वाणी का वाचन भी किया।
रविवार 19 जुलाई को सदगुरु टेऊँराम जी महाराज का 140वां जयंती महोत्सव प्राकट्य दिवस के रूप में मनाया जाएगा। प्रातः 5 बजे ब्रह्म मुहूर्त में 40 मिनट के विशेष अभिषेक के साथ आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज का पावन प्राकट्य दिवस मनाया जाएगा।
इस अवसर पर पंचामृत, विभिन्न प्रकार की औषधियां, फलों के रस, गौदुग्ध एवं गंगाजल आदि से आचार्य श्री सदगुरु टेऊँराम जी महाराज का अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के पश्चात ब्राह्मण पंडितों और संतों द्वारा महाकुंभ सदृश चालिहा व्रत अनुष्ठान धागा उतरवाकर एवं तुलसी पत्र देकर चालीहा अनुष्ठान पूर्ण करवाया जाएगा।
इसके बाद हवन यज्ञ अनुष्ठान, सत्संग, श्री प्रेम प्रकाश ग्रन्थ, गीता पाठों के भोग, 140 किलो महाप्रसाद भोग, 140 दीप प्रज्वलन और बधाई गीतों के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शाम 5 से 7 बजे तक भजन संकीर्तन, सत्संग, बढ़ाई उत्सव, शहनाई वादन, 140 दीपोत्सव की सजावट और रंगोली सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से सदगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज का 140वां जन्मोत्सव प्राकट्योत्सव भक्ति भाव से मनाया जाएगा।

