जयपुर श्री अमरापुर स्थान में स्वामी टेऊँराम जी का चालिहा महोत्सव शुरू
सतगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के 140वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अमरापुर स्थान पर 140 ढोढा चटनी महाप्रसादी का विशेष भोग अर्पित किया गया।

तस्वीर में जयपुर के श्री अमरापुर स्थान पर आयोजित चालिहा महोत्सव के दौरान मेज पर सजाई गई ढोढा चटनी महाप्रसादी की विशेष झांकी और उस पर रखे पोस्टर दिखाई दे रहे हैं।
श्री अमरापुर स्थान जयपुर में प्रेम प्रकाश मंडलाचार्य आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज का पावन चालिहा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु हवन-यज्ञ, अनुष्ठान, भजन-संकीर्तन तथा सामूहिक चालीसा पाठ में सहभागी होकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कर रहे हैं।
आगामी 19 जुलाई को आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के 140वें पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को साप्ताहिक जन्मोत्सव के अवसर पर उनके श्री विग्रह के समक्ष 140 ढोढा चटनी महाप्रसादी का भोग दिव्य झांकी के रूप में अर्पित किया गया। 140 ढोढा चटनी की आकर्षक एवं मनमोहक झांकी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
पूज्य स्वामी मोहन प्रकाश जी महाराज ने बताया कि 19 जुलाई को मनाए जाने वाले आचार्य श्री के 140वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को 140 ढोढा महाप्रसादी का विशेष भोग झांकी के रूप में सजाया गया। प्रेम प्रकाश मंडलाध्यक्ष पूज्य स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज ने सत्संग में बताया कि सिंध के टन्डे आदम शहर स्थित श्री अमरापुर स्थान में जो भी प्रेमी आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के दर्शन के लिए आता था, उसे ढोढा चटनी महाप्रसादी अवश्य खिलाई जाती थी। उन्होंने कहा कि आज भी उसी परंपरा का पालन करते हुए जयपुर श्री अमरापुर स्थान सहित सभी आश्रमों में प्रतिदिन ढोढा चटनी महाप्रसादी का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाता है।
इसी क्रम में हजारा हजूर पूज्य गुरुवर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज शनिवार दोपहर दो दिवसीय प्रवास पर श्री अमरापुर स्थान जयपुर पहुंचे। सायंकाल उनके मुखारविंद से श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का पान किया। गुरुदेव ने अपनी अमृतवाणी में आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के समक्ष प्रार्थना व्यक्त करते हुए उनकी कृपा एवं आशीर्वाद की कामना की। इस अवसर पर "जय जय जय टेऊँराम स्वामी, कृपा करो प्रभु अंतरयामी..." तथा "मेरा सदगुरु टेऊँराम जगत में जीव उबारन आया था..." जैसे भावपूर्ण पदों का गायन किया गया।
स्वामी मनोहर लाल जी महाराज, स्वामी मोहन प्रकाश जी महाराज सहित संत-महात्माओं ने आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज द्वारा रचित आध्यात्मिक वाणी के पदों का संगीतमय गायन किया। साथ ही श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ साहिब की वाणी का वाचन कर आचार्य श्री की महिमा का गुणगान किया गया।
प्रेम प्रकाशियों का दीपोत्सव महापर्व एवं आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज का 140वां पावन जन्मोत्सव 15 जुलाई से 19 जुलाई तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। पांच दिवसीय आयोजन के दौरान नौका विहार, 140 व्यंजन भोग झांकी, विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा अनेक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
श्री अमरापुर स्थान जयपुर में आयोजित चालिहा महोत्सव और आगामी पंचदिवसीय जन्मोत्सव की तैयारियों ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का संचार कर दिया है। धार्मिक परंपराओं, सत्संग, सेवा और महाप्रसादी की यह श्रृंखला प्रेम प्रकाश परंपरा की आध्यात्मिक विरासत को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
