श्री अमरापुर स्थान जयपुर में कल से शुरू होगा पांच दिवसीय वर्सी उत्सव, भक्ति कार्यक्रमों की रहेगी धूम
श्री अमरापुर स्थान जयपुर में स्वामी सर्वानंद जी महाराज का 49वां वर्सी उत्सव 14 से 18 अगस्त तक, पाठ, सत्संग और भंडारा होगा।

श्री अमरापुर स्थान, जयपुर में श्री प्रेम प्रकाश मंडल के द्वितीय पीठाधीश्वर, सदगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के परम शिष्य स्वामी सर्वानंद जी महाराज का 49वां पंच दिवसीय वर्सी उत्सव 14 अगस्त शुक्रवार (चन्द दर्शन) से 18 अगस्त मंगलवार (चौथ पर्व) तक श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया जाएगा। उत्सव के दौरान श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ गीता जी के पाठों का शुभारंभ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उत्सव के शुभारंभ अवसर पर शुक्रवार प्रातः 7 बजे विधि-विधानपूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ ग्रंथ गीता के पाठों का पूजन, आरंभ एवं नित्य नियम, कैसेट का श्रवण, भजन-सत्संग और आरती सहित धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
संतों ने बताया कि पंच दिवसीय उत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः 7 से 9 बजे एवं सायं 5 से 7 बजे तक नित्य नियम, सत्संग और आरती सहित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
18 अगस्त मंगलवार को महानिर्वाण दिवस के अवसर पर पाठों के भोग परायण के साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा। पंच दिवसीय वर्सी उत्सव के दौरान अनेक सेवा कार्य भी किए जाएंगे। कुष्ठ आश्रमों एवं अनाथालयों में भोजन प्रसादी और फल-फ्रूट आदि वितरण की सेवा की जाएगी।
श्री अमरापुर स्थान, जयपुर में आयोजित होने वाला यह पंच दिवसीय वर्सी उत्सव 14 अगस्त से 18 अगस्त तक धार्मिक कार्यक्रमों और सेवा कार्यों के साथ संपन्न होगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
