श्री अमरापुर स्थान जयपुर में स्वामी हरिदास राम जी का जन्मोत्सव आयोजित
जयपुर के श्री अमरापुर स्थान पर प्रेम प्रकाश मंडल के चतुर्थ पीठाधीश्वर का पांच दिवसीय जन्मोत्सव धार्मिक अनुष्ठानों और सेवा कार्यों के साथ मनाया जाएगा।

जयपुर के श्री अमरापुर स्थान में स्वामी हरिदास राम जी महाराज के जन्मोत्सव के दौरान आयोजित सत्संग में उपस्थित श्रद्धालु और संत समाज।
आस्था और भक्ति के प्रमुख केंद्र श्री अमरापुर स्थान जयपुर में प्रेम प्रकाश मंडल के चतुर्थ पीठाधीश्वर मर्यादामूर्ति सद्गुरु स्वामी हरिदास राम जी महाराज का पंच दिवसीय जन्मोत्सव 27 अप्रैल सोमवार (एकादशी) से 1 मई शुक्रवार पूर्णिमा तक श्रद्धा भाव से आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सेवा कार्यों को समर्पित रहेगा, जिसमें प्रतिदिन भक्ति, सत्संग और समाजसेवा के विविध कार्यक्रम होंगे।
पंच दिवसीय उत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार 27 अप्रैल को प्रातः 7 से 9 बजे तक नित्य नियम प्रार्थना, संत महात्माओं का भजन-सत्संग तथा तत्पश्चात श्री मदभागवत गीता और श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ साहिब के पाठों का शुभारंभ किया जाएगा। उत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः 7 से 9 बजे तक प्रार्थना, सतगुरु स्वामी हरिदास राम जी महाराज की प्रवचन कैसेट का वाचन, आरती तथा सायंकाल 5 से 7 बजे तक भजन, महाराज की महिमा का गुणगान और आरती के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
1 मई शुक्रवार पूर्णिमा को जन्मोत्सव के मुख्य दिवस पर प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक नित्य नियम प्रार्थना, संत महात्माओं का सत्संग प्रवचन, श्री मदभागवत गीता एवं श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ साहिब के पाठों का भोग परायण, दीप प्रज्वलन, आरती और बधाई गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके पश्चात विशाल आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
पूज्य स्वामी श्री मोहन प्रकाश जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि पंच दिवसीय जन्मोत्सव के अंतर्गत सेवा कार्यों को विशेष महत्व दिया गया है। इस दौरान गोशाला में गाय माता को हरा चारा और फल वितरित किए जाएंगे, एसएमएस हॉस्पिटल के बाहरी क्षेत्र में राहगीरों को पुलाव के साथ फल एवं मिष्ठान प्रदान किया जाएगा तथा श्री अमरापुर स्थान के बाहर निरंतर चल रहे अन्न भोजन प्रसादम में राहगीरों को छाछ, फल, शर्बत, लस्सी और मिष्ठान वितरित किए जाएंगे।
श्री अमरापुर स्थान जयपुर में आयोजित यह पंच दिवसीय जन्मोत्सव धार्मिक आस्था, संत परंपरा और सेवा भाव का संगम बनकर समाज में आध्यात्मिक चेतना और परोपकार की भावना को सुदृढ़ करेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
