स्वच्छता पखवाड़ा पुरस्कार 2025: उत्तर पश्चिम रेलवे ने हासिल किया द्वितीय स्थान
भारतीय रेलवे के दसवें स्वच्छता पखवाड़े में उत्तर पश्चिम रेलवे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

भारतीय रेलवे द्वारा वर्ष 2025 में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है, जिसमें उत्तर पश्चिम रेलवे ने अपनी सक्रिय भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छता पखवाड़े के दौरान व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने और अधिक प्रभावी परिणाम प्राप्त करने की दिशा में किए गए प्रयासों का ही यह सुखद परिणाम है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, भारतीय रेलवे ने वर्ष 2025 में अपना दसवां स्वच्छता पखवाड़ा अत्यंत उत्साह के साथ मनाया। इस आयोजन में रेलवे के सभी प्रतिष्ठानों और क्षेत्रीय इकाइयों की ओर से सक्रिय भागीदारी देखी गई। पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को बढ़ावा देना और स्वच्छता पहल में जनभागीदारी की भावना को सुदृढ़ करना था।
उल्लेखनीय है कि पखवाड़े के दौरान व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने और अधिक प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जल शक्ति मंत्रालय द्वारा प्रत्येक मंत्रालय के लिए स्वच्छता पखवाड़ा पुरस्कारों की स्थापना की गई है। ये प्रतिष्ठित पुरस्कार पखवाड़े के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रीय अधिकारियों, संबद्ध कार्यालयों और अधीनस्थ संगठनों को सम्मानित करने का कार्य करते हैं।
दैनिक रिपोर्टों और प्राप्त अंतिम रिपोर्टों के सूक्ष्म मूल्यांकन के आधार पर तथा सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के उपरांत, भारतीय रेलवे के तीन प्रमुख प्रतिष्ठानों को वर्ष 2025 के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला घोषित किया गया है। इसमें उत्तर पूर्वी रेलवे ने प्रथम, उत्तर पश्चिम रेलवे ने द्वितीय और दक्षिण पश्चिम रेलवे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छता पखवाड़े में उत्तर पश्चिम रेलवे का यह प्रदर्शन न केवल रेलवे की स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि यह अन्य क्षेत्रीय इकाइयों के लिए एक प्रेरणा का स्रोत भी बना है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
