स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर अभियान से मानसून बाद सफाई तेज, 7 सितंबर तक छह चरणों में अभियान
जयपुर में मानसून बाद सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ अभियान शुरू हुआ। सांगानेर-मानसरोवर में आधुनिक मशीनरी से सफाई हुई, जबकि 7 सितंबर तक छह चरणों में अभियान चलेगा।

तस्वीर में जयपुर के सांगानेर स्टेडियम परिसर में 'स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर' अभियान के तहत आधुनिक सफाई मशीनरी और वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के दौरान मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और लोग नजर आ रहे हैं।
जयपुर में मानसून के दौरान बढ़ी गंदगी और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम जयपुर ने ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के पहले चरण में मंगलवार को सांगानेर और मानसरोवर जोन में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। सांगानेर स्टेडियम से नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र बंसल ने हरी झंडी दिखाकर सफाई मशीनरी और सफाईकर्मियों की टीमों को विभिन्न चिन्हित स्थानों के लिए रवाना किया।
इस दौरान नगर निगम की टीमों ने सांगानेर और मानसरोवर क्षेत्र के चिन्हित Garbage Vulnerable Points (GVP), कचरा संग्रहण स्थलों, सड़क किनारे, डिवाइडर, मीडियन और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई की। अभियान में मैनुअल सफाई के साथ आधुनिक मशीनरी का भी व्यापक उपयोग किया गया।
नगर निगम की ओर से Litter Picker, Super Sucker, Hopper, Dumper और JCB सहित विभिन्न सफाई एवं कचरा उठाने वाली मशीनरी को एक साथ मैदान में उतारा गया। मशीनरी और सफाईकर्मियों की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर जमा कचरा, गंदगी और मलबा हटाकर सफाई व्यवस्था को बेहतर किया। जहां सड़क किनारे और अन्य स्थानों पर भारी कचरा एवं मलबा जमा था, वहां JCB और Dumpers की सहायता से उसे हटाया गया। वहीं सफाई कार्य के लिए Litter Pickers और Hoppers का उपयोग किया गया।
जलभराव एवं जल निकासी से जुड़े स्थानों पर Super Sucker सहित संबंधित संसाधनों का भी इस्तेमाल किया गया। नगर निगम का फोकस केवल तत्काल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसून के बाद शहर के चिन्हित गंदगी वाले स्थानों को ‘गार्बेज फ्री’ बनाने पर भी है।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने कहा कि ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ अभियान का उद्देश्य मानसून के दौरान शहर में जमा होने वाली गंदगी को हटाने के साथ GVP और अन्य चिन्हित स्थानों को गंदगी मुक्त करना तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सफाईकर्मियों के साथ आधुनिक मशीनरी और संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है, ताकि कम समय में अधिक प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जा सके।
यह विशेष अभियान 7 सितंबर तक छह चरणों में शहर के विभिन्न जोनों में संचालित होगा। सांगानेर एवं मानसरोवर के बाद अगला चरण 27 अगस्त को जगतपुरा, झालाना एवं मालवीय नगर में चलेगा। इसके बाद 1 सितंबर को विद्याधर नगर एवं मुरलीपुरा, 3 सितंबर को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर, 5 सितंबर को सिविल लाइन्स और अंतिम चरण 7 सितंबर को आदर्श नगर में अभियान संचालित किया जाएगा।
अभियान के प्रत्येक चरण में संबंधित जोन की टीमों के साथ सफाईकर्मियों और आवश्यकता के अनुसार विभिन्न मशीनरी को मैदान में उतारा जाएगा। इसके साथ जलभराव वाले तथा मच्छरों के प्रजनन की संभावना वाले स्थानों को चिन्हित कर एंटी-लार्वा गतिविधियां, फॉगिंग और आवश्यकतानुसार कीटनाशक दवा का छिड़काव भी किया जाएगा।
‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ अभियान के जरिए नगर निगम का लक्ष्य मानसून के बाद शहर के चिन्हित गंदगी वाले स्थानों की सफाई कर जयपुर को अधिक स्वच्छ, स्वस्थ और गंदगी मुक्त बनाना है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
