जयपुर में “स्वच्छ जयपुर – स्वस्थ जयपुर” अभियान के तहत नगर निगम ने वॉल्ड सिटी क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान का दूसरा चरण शुरू किया। किशनपोल और हवामहल जोन में चलाए गए इस अभियान के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा ने स्वयं मोर्चा संभाला और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के साथ मच्छरजनित व मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग करवाई।

नगर निगम द्वारा अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत 25 अगस्त 2026 को सांगानेर और मानसरोवर जोन से की जा चुकी है। अभियान का दूसरा चरण 27 अगस्त 2026 को वॉल्ड सिटी क्षेत्र में छोटी चौपड़ से सुबह 7 बजे शुरू हुआ।

नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुबह 7 बजे से 11 बजे तक करीब चार घंटे वॉल्ड सिटी के प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने ई-रिक्शा तथा पैदल घूमकर संकरी गलियों और बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त, जोन डीसी किशनपोल व हवामहल, डीसी हेल्थ तथा डीसी विजिलेंस भी पूरे समय मौजूद रहे।

अभियान के दौरान क्षेत्र में विशेष सफाई के साथ फॉगिंग मशीनों का भी उपयोग किया गया। इसका उद्देश्य मानसून के बाद फैलने वाली मच्छरजनित और मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम करना है।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ओम कसेरा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को खुले कचरा डिपो तत्काल साफ करवाने, कचरा संग्रहण और परिवहन व्यवस्था सुचारू रखने तथा क्षेत्र में बह रहे सीवर और नालों के रखरखाव एवं नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि मानसून के बाद डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग और साफ-सफाई का कार्य निरंतर जारी रहना चाहिए।

श्री कसेरा ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक बार का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इस तरह के विशेष स्वच्छता अभियान नियमित रूप से जयपुर के सभी 13 जोन में चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य पूरे शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना और नागरिकों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।

अभियान में सफाई कर्मचारियों, सुपरवाइजरों तथा संबंधित अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। नगर निगम ने आमजन से भी अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग की अपील की है, ताकि “स्वच्छ जयपुर – स्वस्थ जयपुर” के संकल्प को साकार किया जा सके।

Next Story