झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ में चुनाव प्रक्रिया के दौरान हाईकोर्ट के कथित फर्जी आदेश और नामांकन संबंधी दस्तावेज तैयार कर चुनाव लड़ने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। सूरजगढ़ थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। अब पुलिस इस कथित षड्यंत्र में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत और वृत्ताधिकारी चिड़ावा गौरव गुर्जर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी सूरजगढ़ रामसिंह यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पंचायत समिति सूरजगढ़ एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट सूरजगढ़ संदीप चौधरी ने सूरजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि कुछ व्यक्तियों ने चुनाव लड़ने के उद्देश्य से हाईकोर्ट के फर्जी आदेश और नामांकन से संबंधित दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी करते हुए चुनाव लड़ने का प्रयास किया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट के कथित फर्जी आदेश और उनसे संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। अनुसंधान के दौरान विक्रम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय से दो दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम सिंह (40) पुत्र बहादुर सिंह, निवासी रूपपुरा तन कुलोठ खुर्द, थाना सूरजगढ़, जिला झुंझुनूं के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनके माध्यम से चुनाव लड़ने के कथित षड्यंत्र में आरोपी के अलावा अन्य कौन-कौन व्यक्ति शामिल थे।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी राम सिंह यादव, वीरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल श्रीराम, सुनील कुमार एवं मयंक शामिल रहे। पुलिस की जांच अब फर्जी दस्तावेज तैयार करने से लेकर कथित चुनावी षड्यंत्र में शामिल अन्य लोगों की भूमिका तक केंद्रित है।

Next Story