युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर राजस्थान पुलिस की सभी इकाइयां राष्ट्रमंडल खेल थीम पर फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए साइकिलिंग और योग करेंगी।

युवाओं और आमजन में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आगामी 24 मई 2026 को राजस्थान में “संडेज ऑन साइकिल” अभियान का प्रदेशव्यापी आयोजन किया जाएगा। फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया अभियान के तहत आयोजित होने वाले इस महाअभियान में राजस्थान पुलिस की सभी जिला पुलिस इकाइयाँ, प्रशिक्षण संस्थान और अन्य पुलिस इकाइयाँ सक्रिय भागीदारी निभाएंगी।

इस संबंध में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आर्म्ड बटालियन एवं मुख्य खेल अधिकारी राजस्थान पुलिस रुपिंदर सिघ द्वारा सभी संबंधित इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य आमजन को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और सक्रिय जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है, ताकि समाज में फिटनेस संस्कृति को मजबूत किया जा सके।

प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों में साइकिलिंग के साथ योग, रनिंग और रोप स्किपिंग जैसी गतिविधियाँ भी शामिल रहेंगी। आयोजन इस प्रकार तैयार किया गया है कि सभी आयु वर्ग के लोग इसमें भागीदारी कर सकें। पुलिस इकाइयों को कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिकतम जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस बार “संडेज ऑन साइकिल” का आयोजन राष्ट्रमंडल खेल (CWG) थीम पर किया जा रहा है। वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की सफल दावेदारी के बाद इस आयोजन को विशेष महत्व दिया जा रहा है। अभियान के माध्यम से खेल भावना, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ देश की खेल संस्कृति को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

मुख्य खेल अधिकारी राजस्थान पुलिस रुपिंदर सिघ ने बताया कि कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर व्यापक रूप से साझा किए जाएंगे, ताकि फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। प्रदेशव्यापी स्तर पर आयोजित यह अभियान युवाओं में स्वास्थ्य चेतना बढ़ाने के साथ राजस्थान में फिट इंडिया मूवमेंट को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story