सुन्दर कान्ति जोशी क्रिकेट अवार्ड: डिम्पल, तानिका और रोशेल जयपुर में सम्मानित
जयपुर में आयोजित समारोह में सीनियर वर्ग में डिम्पल कंवर को पुरस्कार और आशा श्रीवास्तव को लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान मिला; संदीप भटनागर ने बांटे पुरस्कार।

जयपुर के होटल क्लार्क्स में आयोजित एसकेजे अवार्ड समारोह के दौरान मुख्य अतिथि संदीप भटनागर और अन्य अतिथियों के साथ पुरस्कार प्राप्त करतीं विजेता महिला क्रिकेटर।
जयपुर। सीनियर राष्ट्रीय महिला क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाली ऑलराउंडर डिम्पल कंवर को शुक्रवार को यहां होटल क्लार्क्स में आयोजित समारोह में प्रतिष्ठित सुन्दर कान्ति जोशी (एसकेजे) क्रिकेट अवार्ड से सम्मानित किया गया। जूनियर वर्ग में यह पुरस्कार तानिका शर्मा को और सब जूनियर वर्ग में रोशेल यादव को दिया गया। सत्तर के दशक में राष्ट्रीय क्रिकेट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुकी आशा श्रीवास्तव को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
समारोह की गरिमा और अतिथियों की उपस्थिति
राधा निवास क्रिकेट क्लब द्वारा सुन्दर कान्ति जोशी के जन्म दिवस पर आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसबीआई जयपुर सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक संदीप भटनागर शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडिशनल सॉलिसीटर जनरल भरत व्यास ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ओलंपियन परमजीत कौर और रणजी क्रिकेटर अनिकेत चौधरी ने खिलाड़ियों को ये पुरस्कार प्रदान किए। मेजबान क्लब के अध्यक्ष और रणजी क्रिकेटर विपिन जोशी और राजस्थान के एकमात्र गुरु वशिष्ठ अवार्डी क्रिकेट कोच अशोक जोशी ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
पुरस्कार और खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
क्लब के सचिव शरद जोशी ने बताया कि सीनियर वर्ग में पुरस्कार विजेता डिम्पल कंवर को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, क्रिकेट किट और ट्रेवल किट के साथ 21 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया गया। वहीं जूनियर वर्ग में मैना सियोल को 15 हजार और सब जूनियर वर्ग में धृति माथुर को 11 हजार रुपए नगद तथा प्रशस्ति पत्र, क्रिकेट किट और ट्रेवल किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। डिम्पल ने बीसीसीआई की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 430 रन बनाने के साथ 6 विकेट और 16 कैच लेकर शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग में तानिका शर्मा ने 235 रन और 9 विकेट लेकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जबकि सब-जूनियर वर्ग में रोशेल यादव ने 172 रन और 9 विकेट हासिल कर यह पुरस्कार हासिल किया।
अतिथियों के प्रेरणादायी उद्गार
कार्यक्रम में एसबीआई जयपुर सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक संदीप भटनागर ने खेलों में महिलाओं को अधिक प्रोत्साहन की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि "महिलाएं किसी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। हाल ही देश की महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीत कर यह साबित कर दिया है।" भरत व्यास ने राजस्थान क्रिकेट की पुरानी यादों को ताजा करते हुए महिला क्रिकेटरों को प्रोत्साहन के लिए शुरू किए एसकेजे अवार्ड के लिए जोशी परिवार की सराहना की। वहीं ओलंपियन परमजीत कौर ने बीकानेर की धरती से सिडनी ओलम्पिक तक के अपने सफर के संघर्ष को बयां करते हुए कहा कि "जोशी परिवार की इस पहल से गर्ल्स को खेलों में आगे बढ़ने का मोटिवेशन मिलेगा।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
