सुमित गोदारा का अशोक गहलोत पर पलटवार, बोले- सुशासन से कांग्रेस में बौखलाहट
खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने भजनलाल सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत के आरोपों को निराधार बताया और पेपर लीक पर कार्रवाई को बड़ी जीत कहा।

जयपुर में मीडिया को संबोधित करते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने राज्य सरकार की विकास योजनाओं और सुशासन के रोडमैप पर विस्तार से जानकारी दी।
राजस्थान की राजनीति में वार-पलटवार का दौर तेज हो गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के सुशासन, अभूतपूर्व विकास कार्यों और निरंतर बढ़ती जनस्वीकृति से कांग्रेस व अशोक गहलोत पूरी तरह बौखला गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गहलोत केवल मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए तथ्यहीन और अनर्गल बयानबाजी करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। गोदारा ने पूर्व मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले उन्हें अपने पांच वर्षों के कुशासन, व्याप्त भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं को याद कर लेना चाहिए, क्योंकि उनके शासनकाल में राजस्थान पेपर लीक, महिला अपराध, माफिया राज और भ्रष्टाचार का पर्याय बनकर रह गया था। आज वही गहलोत सुशासन पर उपदेश दे रहे हैं, जिसे प्रदेश की जनता कतई गंभीरता से नहीं लेती।
मंत्री गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सक्षम नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया है, बल्कि अपराधियों और माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई कर वास्तविक रूप में कानून का राज स्थापित किया है। उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित रामजल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते जैसी योजनाओं को गति देकर राजस्थान के जल भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं, वहीं राइजिंग राजस्थान जैसे वैश्विक निवेश सम्मेलनों के जरिए प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए द्वार खोले जा रहे हैं। गोदारा के अनुसार, डबल इंजन सरकार ने पेपर लीक माफिया पर कड़ा प्रहार कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और युवाओं का विश्वास बहाल किया है, जिससे लाखों युवाओं के सरकारी नौकरी के सपने साकार हो रहे हैं। साथ ही, जल जीवन मिशन में हुए भ्रष्टाचार के दोषियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाकर यह स्पष्ट कर दिया गया है कि भ्रष्टाचारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
अशोक गहलोत के पांच वर्षों की उपलब्धियों के दावों को नकारते हुए गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने मात्र ढाई वर्षों में विकास और जनकल्याण के जो आयाम स्थापित किए हैं, वे पूर्ववर्ती सरकार पूरे कार्यकाल में नहीं कर सकी। विकसित ग्राम चौपाल और रात्रि विश्राम कार्यक्रमों का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि यह सुशासन का एक नया मॉडल है, जहां मुख्यमंत्री स्वयं गांव-गांव जाकर आमजन के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करते हैं। यह रात्रि विश्राम जनभावनाओं को समझने और प्रशासन को जवाबदेह बनाने का सशक्त माध्यम है। वैश्विक परिस्थितियों और तेल की कीमतों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र व राज्य सरकार ने जनता पर बोझ कम करने के हरसंभव प्रयास किए हैं। वहीं, आगामी निकाय व पंचायत चुनावों के लिए सरकार की पूर्ण तैयारी बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट मिलते ही अन्य पिछड़ा वर्ग को उनके संवैधानिक अधिकार देते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराए जाएंगे। अंत में उन्होंने गहलोत की विदेश नीति पर टिप्पणी को कांग्रेस की पुरानी राजनीति करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर एक सशक्त राष्ट्र बना है और राजस्थान की जनता अब कांग्रेस के भ्रामक प्रचार को पूरी तरह नकार चुकी है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
