सुमेरपुर: मंत्री जोराराम कुमावत ने सोनाई मांझी में विकास कार्यों का किया लोकार्पण
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सड़क मार्ग का लोकार्पण किया और पाली व ब्यावर जिलों में विभिन्न पशु चिकित्सा परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

सुमेरपुर विधानसभा के सोनाई मांझी गांव में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत और अन्य जनप्रतिनिधि नवनिर्मित सड़क मार्ग के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान।
पाली/सुमेरपुर, 24 मई। विधानसभा क्षेत्र के सोनाई मांझी गांव में रविवार को आयोजित एक भव्य समारोह में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए मंत्री कुमावत ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। समारोह के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के अंतर्गत नवनिर्मित सोनाई मांझी से आइचिया सड़क का विधिवत लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त, मंत्री ने राजकीय पशु चिकित्सालय, बालराई (जिला पाली) की चारदिवारी के निर्माण हेतु 13.97 लाख रुपए की लागत वाली परियोजना का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मंत्री कुमावत ने तकनीक का उपयोग करते हुए पाली व ब्यावर जिले के दर्जनों राजकीय पशु चिकित्सा उप केंद्रों, पशु चिकित्सालयों, प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालयों, राजकीय बहुउदेशीय पशु चिकित्सालय तथा राजकीय ब्लॉक वेटेरीनरी हेल्थ ऑफिस, खैरवा की चारदिवारी के निर्माण कार्यों का वर्चुअली शिलान्यास किया। इसी क्रम में उन्होंने पाली जिले के सिंदरू, सोनाई मांझी, भांगेसर, कोरटा, खिमाडा, टेवाली, खिवांदी, खारड़ा, नीपल, लापोद तथा ब्यावर जिले के सेंदड़ा व लिलांबा स्थित राजकीय पशु चिकित्सालयों के नवीन भवन निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया। ग्रामीणों ने मंत्री का साफा पहनाकर और मालाओं से भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री कुमावत ने कहा कि आज का दिन सुमेरपुर क्षेत्र और विशेषकर सोनाई मांझी के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार 'सशक्त राजस्थान, समृद्ध राजस्थान' के संकल्प को लेकर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने सोनाई मांझी से आइचिया सड़क को क्षेत्र के विकास और खुशहाली का नया मार्ग बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा बजट 2025-26 में किए गए वादों को धरातल पर उतारने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि पशुपालन, गोपालन और डेयरी विभाग सीधे ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े हैं और इन योजनाओं का लाभ सीधे पशुपालकों तक पहुंचाया जाएगा। देवस्थान विभाग के माध्यम से सांस्कृतिक व धार्मिक स्थलों का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुमेरपुर विधानसभा का हर गांव और हर ढाणी मूलभूत सुविधाओं से लैस हो, यही प्राथमिकता है। मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर पाली पंचायत प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, पशुपालन विभाग के निदेशक सुरेश मीणा, किसान केसरी भंवर चौधरी, पूर्व उप जिला प्रमुख नवल किशोर रावल, रामलाल कुमावत, पूर्व सरपंच मोहनलाल, मंडल अध्यक्ष मनोहरलाल सीरवी, सोनाई मांझी सरपंच प्रताप सिंह, पंचायत समिति सदस्य रामलाल हीरागर, पूर्व सरपंच मांगीलाल चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

