सुमेरपुर में 13 नई सड़कों के निर्माण को मंजूरी, 10 करोड़ रुपये जारी
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत की पहल पर सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 24.10 किलोमीटर लंबी सड़कें बनाई जाएंगी।

सुमेरपुर विधायक और कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, जिनके प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र की 13 जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए राहत की एक बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान सरकार ने क्षेत्र में सड़क तंत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 13 नई सड़कों के पुनर्निर्माण को स्वीकृति प्रदान करते हुए 10 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है। प्राकृतिक आपदा के कारण लंबे समय से जर्जर हाल में पड़ी इन सड़कों के कायाकल्प से ग्रामीणों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अनुशंषा पर सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं के तहत यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विभाग के संयुक्त सचिव (पथ) पंकज आर्य द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, इन 13 नॉन-पेचेबल सड़कों के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक सहमति दी गई है। क्षेत्र के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने जानकारी दी कि इस राशि से कुल 24.10 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण कार्य संपन्न कराया जाएगा, जो सुमेरपुर के विभिन्न गांवों और ढाणियों को मुख्य मार्गों से जोड़ने का कार्य करेंगी।
योजना के तहत लापोद-बंसत सड़क के लिए 168 लाख रुपये, कानपुरा-फतापुरा सड़क के लिए 87.75 लाख रुपये और सुमेरपुर-भारूंदा-नोवी सीसी सड़क मय नाली के लिए 75 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इसी क्रम में नेतरा-पराखिया संपर्क सड़क पर 135 लाख, पावा-हिंगोला मार्ग पर 59.25 लाख, आशापुरा संपर्क सड़क पर 25 लाख, नेतरा-वरायी माता मंदिर सड़क पर 45 लाख और मामाजी थान किरवा सड़क के निर्माण पर 17.50 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। साथ ही बूसी-पादरली तुर्कान मार्ग के लिए 52.50 लाख, मादड़ी-राईकां की ढाणी के लिए 75 लाख, एनएच-62 से तोगावास की ढाणी मार्ग के लिए 45 लाख, घूमटी-गढवाड़ा सड़क के लिए 90 लाख और पाली बोमदड़ा-पड़ासला खुर्द वाया बाणियावास सड़क के लिए 125 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मंत्री जोराराम कुमावत ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री व पीडब्ल्यूडी मंत्री दीया कुमारी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की मार झेल रही इन सड़कों की जर्जर स्थिति के कारण ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था। सरकार की संवेदनशीलता के चलते अब इन सड़कों के निर्माण से सुमेरपुर के विकास को एक नई गति मिलेगी और ग्रामीण जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
