सुमेरपुर क्षेत्र में पर्यटन और खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में दो बड़े विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत की अनुशंसा पर सुमेरपुर नगरपालिका क्षेत्र में 300 लाख (3 करोड़) रुपये की लागत से जवाई ईको टूरिज्म सेंटर और आधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। ग्रामीण विकास विभाग ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत दोनों परियोजनाओं के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं को खेलकूद की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जवाई क्षेत्र को पर्यावरण पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए ईको टूरिज्म सेंटर के निर्माण पर 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस केंद्र का निर्माण जवाई बांध की थीम पर किया जाएगा। यहां कल्चरल व लाइट शो भी आयोजित होंगे। केंद्र के विकसित होने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है।

वहीं, सुमेरपुर के खेल प्रेमियों और युवाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 2 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके तहत मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण होगा, जहां बैडमिंटन, कुश्ती और कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा टेबल टेनिस, कैरम और चैस सहित विभिन्न इंडोर खेलों का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। स्टेडियम में स्क्वैश कोर्ट सहित अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में विभिन्न इंडोर खेलों का अभ्यास करने का अवसर मिलेगा और वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे।

दोनों परियोजनाओं को मिली मंजूरी पर कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी मुख्य प्राथमिकता और संकल्प है। उन्होंने कहा कि जवाई क्षेत्र पहले से ही पैंथर्स और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। ईको टूरिज्म सेंटर बनने से यहां पर्यटन को और अधिक विस्तार मिलेगा। वहीं, इंडोर स्टेडियम के निर्माण से प्रतिभावान युवाओं को खेलों की आधुनिक सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगी।

इस स्वीकृति पर मंडल अध्यक्ष रविकांत रावल, नगरपालिका अध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा और उपाध्यक्ष वीणा देवदा सहित नगरपालिका पार्षदों एवं नगरवासियों ने मंत्री कुमावत को धन्यवाद दिया। जवाई ईको टूरिज्म सेंटर और आधुनिक इंडोर स्टेडियम की स्वीकृति से सुमेरपुर में पर्यटन विकास, स्थानीय रोजगार के अवसरों और खेल सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा।

Next Story