सुमेरपुर में बिजली-पानी की समस्या पर मंत्री जोराराम कुमावत सख्त, दिए निर्देश
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सुमेरपुर में बिजली कटौती और पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की, साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण चेक वितरित किए।

सुमेरपुर नगरपालिका सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत को पौधा भेंट कर स्वागत करते हुए अधिकारी व जनप्रतिनिधि।
पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक श्री जोराराम कुमावत ने शनिवार को स्थानीय नगरपालिका सभाकक्ष में विभिन्न प्रशासनिक विभागों के आला अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र की बिजली और पेयजल की बदहाल स्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक के दौरान क्षेत्र में व्याप्त अघोषित बिजली कटौती पर मंत्री श्री कुमावत ने विद्युत निगम के अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए स्पष्ट किया कि बार-बार होने वाली कटौती से आम जनता को हो रही भारी परेशानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए ढीले तारों को कसने, पेड़ों की कटाई-छंटाई करवाने तथा आरडीएसएस स्कीम के तहत नए ट्रांसफार्मर लगाने के कड़े निर्देश दिए। मंत्री ने जानकारी दी कि पिछले दिनों आए तूफान के कारण सुमेरपुर, साण्डेराव व तख्तगढ उपखंड में 11 केवी व एलटी के कुल 136 बिजली के खंभे टूट गए थे, जिससे आपूर्ति बाधित हुई थी। इनमें से अधिकतर नए खंभे लगाकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है और शेष कार्य भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधिकारियों को भीषण गर्मी के दृष्टिगत हर क्षेत्र में समुचित और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया।
मानसून सत्र के मद्देनजर मंत्री कुमावत ने संभावित जलभराव और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए पूर्व तैयारियों का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विशेष टीमें गठित करें, जो मानसून के दौरान किसी भी विपरीत परिस्थिति या आपदा की स्थिति में चौबीसों घंटे सतर्क रहें। बैठक में सामाजिक कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने 'पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि' (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत 10 स्थानीय रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को ऋण सहायता के चेक वितरित किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में नगरपालिका सभाकक्ष पहुंचने पर अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मंत्री श्री जोराराम कुमावत को पौधा भेंट कर 'ग्रीन वेलकम' किया।
इस बैठक में पाली प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, जिला उपाध्यक्ष पुनम सिंह परमार, एसडीएम कालूराम कुम्हार, नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी नरपत सिंह, निवर्तमान चैयरमैन ललित रांकावत, पूर्व चैयरमैन फूलाराम सुथार, सुमेरपुर नगर मण्डल अध्यक्ष रविकांत रावल, पूर्व मण्डल अध्यक्ष महेंद्र माली, बांकली मण्डल अध्यक्ष हनुवंत सिंह, तख्तगढ नगरपालिका के निवर्तमान उपाध्यक्ष मनोज नामा, तख्तगढ मण्डल के उपाध्यक्ष रामसिंह, चाणोद जिला परिषद के पूर्व सदस्य प्रतिनिधि महिराज सिंह, सांडेराव मण्डल के महामंत्री मुकेश मोदी, भाजपा कार्यकर्ता मनीष सोलंकी सहित विद्युत विभाग, जलदाय विभाग और नगरपालिका के अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
