किशनगढ़ बालावास | उत्तर पश्चिम रेलवे ने किशनगढ़ बालावास स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही और संरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण रेल परियोजना का सफलतापूर्वक निष्पादन किया है। इस परियोजना के तहत 1873 मीटर लंबी लूप लाइन का निर्माण और डिस्ट्रीब्यूटेड इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का कमीशनिंग किया गया, जिससे स्टेशन पर लंबी मालगाड़ियों के संचालन में दक्षता और सुरक्षा दोनों में वृद्धि हुई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस लूप लाइन के निर्माण का मुख्य उद्देश्य अधिक लंबाई वाली मालगाड़ियों (लांगहॉल ट्रेन) को स्टेशन यार्ड के ट्रैफिक मूवमेंट को प्रभावित किए बिना सीधे लूप लाइन पर प्रवेश कराकर निर्बाध रूप से रवाना करना है। इसके साथ ही, वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से सीधे कनेक्शन होने के कारण भारतीय रेलवे नेटवर्क के भीतर मालगाड़ियों का आदान-प्रदान और भी सहज हो गया है।

नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली के माध्यम से स्टेशन पर सिग्नल, पाइंट, ट्रैक सर्किट और रूट की प्रक्रिया अधिक तेज़ और सुरक्षित हो गई है। इससे स्टेशन पर रूट्स की संख्या 43 से बढ़कर 74 हो गई है, जबकि 12 मेन सिगनल, 2 शंट सिगनल, 23 ट्रैक सर्किट और 7 पाइंट मशीन स्थापित की गई हैं। पुरानी इंटरलॉकिंग प्रणाली को अत्याधुनिक तकनीक से अपडेट किया गया है, जिससे ट्रेन संचालन की गति और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव गोविल और निर्माण विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। परियोजना के उपरांत, स्टेशन से पहली पूरी लंबाई वाली मालगाड़ी सुरक्षित रूप से रवाना की गई। रेल विशेषज्ञों के अनुसार, यह अपग्रेडेशन विशेष रूप से वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर के न्यू रेवाड़ी स्टेशन और रेवाड़ी-हिसार सेक्शन के बीच मालगाड़ियों की बेहतर हैंडलिंग में अहम भूमिका निभाएगा।

विशेष रूप से कोयला रेकों की बिजली संयंत्रों तक निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होने से क्षेत्र की ऊर्जा आपूर्ति भी मजबूती प्राप्त करेगी। रेलवे की इस पहल से न केवल मालगाड़ियों के संचालन में सुधार हुआ है, बल्कि स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर माल ढुलाई की दक्षता भी बढ़ी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story