जयपुर, 24 दिसंबर 2025। सांगानेर स्थित सुबोध पब्लिक स्कूल, एयरपोर्ट, जयपुर में बुधवार को विद्यालय के वार्षिक समारोह का आयोजन अत्यंत भव्यता, गरिमा और उत्साह के साथ किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम “अस्तित्व – Journey from Zero to Zenith” रखी गई, जिसके माध्यम से मानव जीवन की शून्य से पूर्णता और अनंत तक की प्रेरक यात्रा को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्मबोध, जीवन मूल्यों, अनुशासन और संतुलन से जोड़ते हुए समग्र विकास की ओर प्रेरित करना रहा।

समारोह के मुख्य अतिथि श्री नवीन कुमार जैन, राजस्थान सरकार के प्रमुख शासन सचिव, जनरल ऐड्मिनिस्ट्रेटिव डिपार्टमेंट (GAD), मंत्रिमंडल, एस्टेट, स्टेट मोटर गैराज एवं नागरिक उड्डयन विभाग, रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ णमोकार मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इस अवसर पर सुबोध शिक्षा समिति के गणमान्य व्यक्ति वाइस प्रेसीडेंट आर. सी. जैन, मानद सचिव श्री एस. एस. बोथरा, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष श्री विनोद लोढ़ा तथा विद्यालय संयोजिका श्रीमती वीणा जामड द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शालिनी कपूर ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक उपलब्धियों पर विस्तृत प्रकाश डाला। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। वर्षभर की गतिविधियों के आधार पर जल हाउस को ओवरऑल बेस्ट हाउस, पृथ्वी हाउस को बेस्ट इन स्पोर्ट्स, अग्नि हाउस को बेस्ट इन कल्चरल तथा एक्सप्रेशन क्लब को रचनात्मक गतिविधियों हेतु सर्वश्रेष्ठ क्लब का पुरस्कार प्रदान किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों ने नृत्य और संगीतमय माध्यम से मानव अस्तित्व और विकास की यात्रा को प्रतीकात्मक रूप में मंच पर जीवंत किया। प्रस्तुतियों में शून्य से पूर्णांक तक सभी अंकों के महत्व तथा उनसे जुड़े जीवन कौशल, आत्मविश्वास, निरंतरता, संतुलन और सकारात्मक दृष्टिकोण को मानवीय संदर्भ में प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

मुख्य अतिथि श्री नवीन कुमार जैन ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों, संतुलित जीवन, आत्मविश्वास और निरंतर नवाचार को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम की भव्य और रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित गणमान्य और अभिभावकों से भूरि-भूरि प्रशंसा प्राप्त की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story