जयपुर में अवैध एरियल केबल पर सख्त रुख, टेलिकॉम कंपनियों को निगम आयुक्त के स्पष्ट निर्देश
जयपुर नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी की अध्यक्षता में टेलिकॉम कंपनियों के साथ हुई बैठक में चारदीवारी क्षेत्र में अवैध एरियल केबल पर सख्त निर्देश दिए गए। बिना अनुमति केबल लगाने, रोड क्रॉसिंग करने और अनुपयोगी केबल सात दिन में न हटाने पर निगम स्तर से कार्रवाई और खर्च वसूली की चेतावनी दी गई।

जयपुर। विश्व धरोहर के रूप में पहचाने जाने वाले चारदीवारी क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान और सौंदर्यता को सुरक्षित रखने के लिए जयपुर नगर निगम ने अवैध एरियल केबल के खिलाफ सख्त कदम उठाने का संकेत दिया है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विभिन्न टेलिकॉम सेवाप्रदाता कंपनियों और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISP) के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक नगर निगम जयपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड स्थित कार्यालय में जनसम्पर्क प्रकोष्ठ के अंतर्गत आयोजित हुई, जिसमें चारदीवारी क्षेत्र में बिना अनुमति लगाए गए एरियल केबल, स्वीकृति के विपरीत किए गए केबल क्रॉसिंग और अनुपयोगी केबल से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधीक्षण अभियंता श्री नितिन शर्मा, उपायुक्त (राजस्व प्रथम) श्री मनोज कुमार वर्मा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और विभिन्न टेलिकॉम कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि बिना पूर्व अनुमति किसी भी स्थिति में एरियल केबल स्थापित नहीं की जाए और न ही सड़कों पर अवैध रूप से केबल क्रॉसिंग की जाए। इसके साथ ही सभी कंपनियों और ISP को पोल्स पर लगी अनुपयोगी और निष्क्रिय एरियल केबल को सात दिवस के भीतर हटाने के आदेश दिए गए।
विशेष रूप से बीएसएनएल को निर्देशित किया गया कि चारदीवारी क्षेत्र में जिन लोकल ऑपरेटरों को उनकी केबल दी गई है, उनकी पूरी जानकारी तीन दिवस के भीतर नगर निगम को उपलब्ध करवाई जाए। निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि निर्धारित समयसीमा में निर्देशों की पालना नहीं होने की स्थिति में अवैध केबल हटाने की कार्रवाई निगम स्तर से की जाएगी और इसका समस्त हर्जा-खर्चा संबंधित कंपनी से वसूला जाएगा।
नगर निगम का यह कदम न केवल शहर की ऐतिहासिक विरासत और दृश्य सौंदर्य को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि यह भी स्पष्ट करता है कि अब जयपुर में अव्यवस्थित और अवैध केबल नेटवर्क को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- जयपुर चारदीवारी अवैध एरियल केबल कार्रवाईJaipur municipal corporation illegal aerial cable meetingजयपुर नगर निगम टेलिकॉम कंपनियों की बैठकJaipur telecom companies aerial cable guidelinesजयपुर में बिना अनुमति एरियल केबल हटाने के निर्देशJaipur heritage area cable removal orderजयपुर नगर निगम आयुक्त गौरव सैनी बैठकBSNL local operators cable information JaipurJaipur road crossing cable ban newsJaipur municipal action on illegal telecom cables

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
