जयपुर में एसएससी फेज-XIV परीक्षा की पुख्ता तैयारी, 4 केंद्रों पर 26 सितंबर तक होगी परीक्षा
जयपुर में एसएससी फेज-XIV सेलेक्शन पोस्ट परीक्षा 16 से 26 सितम्बर तक चार केन्द्रों पर कम्प्यूटर आधारित माध्यम से होगी। जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, तकनीकी व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधाओं के निर्देश दिए हैं।

जयपुर में कर्मचारी चयन आयोग (उत्तरी क्षेत्र), नई दिल्ली की फेज-XIV सेलेक्शन पोस्ट परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने चार परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। कम्प्यूटर आधारित यह परीक्षा 16 से 26 सितम्बर, 2026 तक आयोजित की जा रही है।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि जयपुर में परीक्षा के लिए चार केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, सितापुरा, एमएम क्वींस कॉलेज, मानसरोवर, राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वूमेन, भांकरोटा तथा श्री भवानी निकेतन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, सीकर रोड शामिल हैं। परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्र समन्वयक और निरीक्षण अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केन्द्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुगम यातायात, पुलिस सुरक्षा तथा कम्प्यूटर सिस्टम, सर्वर, नेटवर्क और परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
परीक्षा समय-सारणी के अनुसार 17 से 19 तथा 21 से 25 सितम्बर तक प्रथम पारी में अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रातः 8ः30 से 9ः30 बजे तक होगा और परीक्षा प्रातः 10 से 11 बजे तक आयोजित होगी। द्वितीय पारी में प्रवेश का समय दोपहर 12 से 1 बजे तक और परीक्षा का समय दोपहर 1ः30 से 2ः30 बजे तक रहेगा। तृतीय पारी में प्रवेश दोपहर 3ः30 से 4ः30 बजे तक तथा परीक्षा शाम 5 से 6 बजे तक होगी।
अतिरिक्त समय के पात्र अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। 26 सितम्बर को केवल प्रथम पारी में परीक्षा आयोजित होगी। वहीं बुधवार, 16 सितंबर को परीक्षा द्वितीय और तृतीय पारी में आयोजित हुई है।

