श्री सत्य साई बाबा जयंती: रेलवे ने इन ट्रेनों के मार्ग में किया बदलाव
श्री सत्य साई बाबा की 101वीं जयंती पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने छह विशेष ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया है।

भगवान श्री सत्य साई बाबा की 101वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए तीन जोड़ी रेलसेवाओं का निर्धारित मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। खास बात यह है कि परिवर्तित मार्ग से संचालित होने वाली इन सभी रेलसेवाओं को श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव भी दिया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, इस व्यवस्था के तहत मैसूरू-जयपुर, जयपुर-मैसूरू, अजमेर-केएसआर बेंगलुरू, केएसआर बेंगलुरू-अजमेर, जोधपुर-केएसआर बेंगलुरू और केएसआर बेंगलुरू-भगत की कोठी रेलसेवाओं का मार्ग परिवर्तित रहेगा।
गाड़ी संख्या 12975 मैसूरू-जयपुर रेलसेवा 19 एवं 21 नवंबर 2026 को मैसूरू से प्रस्थान करेगी। यह रेलसेवा परिवर्तित मार्ग पनुकोन्डा-श्री सत्य साई प्रशांति निलयम-धर्मवरम होकर संचालित होगी। इस दौरान श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर इसका आगमन 15.35 बजे और प्रस्थान 15.37 बजे होगा।
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 12976 जयपुर-मैसूरू रेलसेवा 23 एवं 25 नवंबर 2026 को जयपुर से रवाना होकर धर्मवरम-श्री सत्य साई प्रशांति निलयम-पनुकोन्डा परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह रेलसेवा श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर 09.50 बजे पहुंचेगी और 09.52 बजे प्रस्थान करेगी।
गाड़ी संख्या 16531 अजमेर-केएसआर बेंगलुरू रेलसेवा 23 नवंबर 2026 को अजमेर से प्रस्थान करेगी। परिवर्तित मार्ग धर्मवरम-श्री सत्य साई प्रशांति निलयम-पनुकोन्डा रहेगा। इस रेलसेवा का श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर आगमन 22.08 बजे और प्रस्थान 22.10 बजे निर्धारित किया गया है।
वहीं, गाड़ी संख्या 16532 केएसआर बेंगलुरू-अजमेर रेलसेवा 20 नवंबर 2026 को केएसआर बेंगलुरू से रवाना होगी। यह रेलसेवा पनुकोन्डा-श्री सत्य साई प्रशांति निलयम-धर्मवरम परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर इसका ठहराव 19.20 बजे से 19.22 बजे तक रहेगा।
गाड़ी संख्या 16533 जोधपुर-केएसआर बेंगलुरू रेलसेवा 18 नवंबर 2026 को जोधपुर से प्रस्थान कर धर्मवरम-श्री सत्य साई प्रशांति निलयम-पनुकोन्डा परिवर्तित मार्ग से जाएगी। यह रेलसेवा श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर 22.08 बजे पहुंचेगी और 22.10 बजे रवाना होगी।
इसके अलावा, गाड़ी संख्या 16534 केएसआर बेंगलुरू-भगत की कोठी रेलसेवा 22 नवंबर 2026 को केएसआर बेंगलुरू से प्रस्थान करेगी। यह रेलसेवा पनुकोन्डा-श्री सत्य साई प्रशांति निलयम-धर्मवरम परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर इसका आगमन 19.20 बजे और प्रस्थान 19.22 बजे होगा।
भगवान श्री सत्य साई बाबा की 101वीं जयंती के अवसर पर की गई इस रेलवे व्यवस्था से निर्धारित तिथियों पर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन तक पहुंचने की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

