श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर में रेलवे ट्रैक पर हुए बम विस्फोट मामले में राजस्थान एटीएस और जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े कथित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने पंजाब के गुरदासपुर से मुख्य अभियुक्ता महकदीप कौर और उसके सहयोगी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में महकदीप कौर के पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में होने और उसके निर्देश पर साथी के साथ मिलकर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की साजिश रचने के तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, 46 जिंदा कारतूस और विस्फोट की वारदात के लिए प्राप्त 30 हजार रुपये बरामद किए हैं।

3 नवम्बर 2026 को हुई इस गंभीर घटना के बाद महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजीपी एटीएस, एजीटीएफ एवं एएनटीएफ दिनेश एम.एन. तथा महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। निर्देशों की पालना में महानिरीक्षक पुलिस एटीएस राजेश सिंह और महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने प्रकरण की निगरानी करते हुए एटीएस और श्रीगंगानगर जिला पुलिस को सभी पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान करने के निर्देश दिए।

एडीजीपी दिनेश एम.एन. के निर्देशन और श्रीगंगानगर जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के नेतृत्व में एटीएस तथा जिला पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान विभिन्न केंद्रीय जांच एजेंसियों से संपर्क कर महत्वपूर्ण इनपुट जुटाए गए। प्राप्त सूचनाओं और उनके तकनीकी विश्लेषण में गुरदासपुर निवासी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह की इस वारदात में संलिप्तता की आशंका सामने आई।

इसके बाद दोनों संदिग्धों के तकनीकी तथ्यों और सोशल मीडिया अकाउंट्स का विस्तृत विश्लेषण किया गया। सूचना का सत्यापन करने के लिए प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी प्रशिक्षु आईपीएस नितिन चौधरी तथा एटीएस यूनिट बीकानेर के प्रभारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम पंजाब भेजी गई। टीम ने काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब और गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य आईपीएस के साथ आसूचना एवं तकनीकी विश्लेषण से संबंधित जानकारियां साझा कीं। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार 14 नवम्बर को गुरदासपुर से महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को दस्तयाब किया गया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महकदीप कौर का पति करणवीर सिंह मादक पदार्थ तस्करी के मामले में पंजाब में गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद महकदीप कौर के कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में आने की जानकारी मिली। जांच के अनुसार शाह नामक पाकिस्तानी हैंडलर और पाकिस्तान में चाचा नाम से पहचाने जाने वाले व्यक्ति के निर्देश पर आरोपियों ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की साजिश रची थी।

अनुसंधान में वारदात की पूरी समय-सीमा भी सामने आई है। आरोपियों ने सबसे पहले 6 अक्टूबर 2026 को रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की योजना बनाई थी, लेकिन बम उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी साजिश सफल नहीं हो सकी। इसके बाद 12-13 अक्टूबर को पाकिस्तानी हैंडलर शाह की ओर से उपलब्ध करवाया गया टाइमर बम रेलवे ट्रैक पर लगाया गया, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण उसमें विस्फोट नहीं हुआ। अंततः 3 नवम्बर 2026 को रात करीब 9:45 बजे उपलब्ध करवाए गए टाइमर बम से रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला होने के कारण संदेह से बचने की मंशा से रामसिंहपुर क्षेत्र को वारदात के लिए चुना गया था। जांच में आरोपियों को ऑनलाइन माध्यम से भुगतान प्राप्त होने के तथ्य भी सामने आए हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंगस्टरों की प्रोफाइल फॉलो करने और उनसे प्रभावित होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क, पाकिस्तानी हैंडलरों और आरोपियों के संपर्कों की गहनता से पड़ताल कर रही है।

गिरफ्तार महकदीप कौर को मामले की मुख्य अभियुक्ता बताया गया है। जांच के अनुसार वह शाह नामक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थी और उसने अपने साथी के साथ मिलकर विस्फोट की वारदात को अंजाम दिया। देवेंद्र सिंह उसके सहयोगी के रूप में साथ गया था। आरोप है कि दोनों को शाह और पाकिस्तान में चाचा नाम से पहचाने जाने वाले व्यक्ति ने निर्देश दिए थे। चाचा के मूलतः आईएसआई से जुड़ा होने की जानकारी भी सामने आई है।

जांच में अकेली महिलाओं को निशाना बनाने के एक नए तरीके का भी खुलासा हुआ है। इसके तहत महिलाओं से रोमांटिक रुचि दिखाकर संपर्क बढ़ाया जाता है और फिर पैसों का लालच देकर उन्हें जाल में फंसाया जाता है। इससे पहले एटीएस गंगापुर शहर से बबीता नामक महिला को भी गिरफ्तार कर चुकी है। उसे भी पाकिस्तानी एजेंटों द्वारा प्रेम के जाल में फंसाए जाने की जानकारी सामने आई थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल और 46 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही विस्फोट की वारदात के लिए प्राप्त 30 हजार रुपये भी जब्त किए गए हैं। रामसिंहपुर पुलिस थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 209/2026 के तहत दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों, संदिग्ध संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटाने के लिए आगे का अनुसंधान जारी है।

गुरदासपुर में की गई संयुक्त कार्रवाई में एडीजीपी दिनेश एम.एन., प्रशिक्षु आईपीएस एवं एएसपी नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा तथा एएसपी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। आरोपियों की गिरफ्तारी में गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य आईपीएस और उनकी टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पाकिस्तान स्थित हैंडलरों और आपराधिक गैंगस्टरों के सोशल मीडिया अकाउंट्स तथा उनके संपर्कों से दूरी बनाए रखें। सोशल मीडिया या मोबाइल नंबरों के माध्यम से किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित पुलिस एजेंसी को सूचित करें। पुलिस ने भावनात्मक संदेशों, भ्रामक प्रचार और उकसावे वाली सामग्री से प्रभावित होकर किसी भी संदिग्ध अथवा राष्ट्रविरोधी गतिविधि में शामिल नहीं होने की भी अपील की है।

किसी भी गैंगस्टर, राष्ट्रविरोधी गतिविधि अथवा अपराध से संबंधित सूचना राजस्थान एटीएस के नियंत्रण कक्ष नंबर 0141-2601583 और व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक विस्फोट मामले में दो गिरफ्तारियों के बाद अब जांच का दायरा कथित पाकिस्तानी हैंडलरों, उनके स्थानीय संपर्कों और आर्थिक नेटवर्क तक पहुंच गया है।

Next Story