श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामला: पंजाब से दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान एटीएस और पुलिस ने गुरदासपुर से महकदीप कौर व देवेंद्र सिंह को पकड़ा, पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर वारदात को दिया था अंजाम, विदेशी हथियार भी बरामद।

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक विस्फोट मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी का खुलासा करते राजस्थान पुलिस के अधिकारी।
श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए बम विस्फोट के मामले में राजस्थान एटीएस और जिला पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पंजाब के गुरदासपुर से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य अभियुक्ता महकदीप कौर पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थी और उसने अपने साथी के साथ मिलकर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, 46 जिंदा कारतूस और विस्फोट के लिए प्राप्त 30 हजार रुपये बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई 3 नवम्बर 2026 को हुई गंभीर घटना की जांच के तहत राजस्थान एटीएस, श्रीगंगानगर जिला पुलिस और पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम के संयुक्त प्रयासों से की गई। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव शर्मा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजीपी एटीएस, एजीटीएफ एवं एएनटीएफ दिनेश एम.एन. तथा महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश को आवश्यक निर्देश दिए थे। इसके बाद महानिरीक्षक पुलिस एटीएस राजेश सिंह और महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रकरण की मॉनिटरिंग की। उन्होंने एटीएस और श्रीगंगानगर जिला पुलिस को सभी पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान करने के निर्देश दिए।
एडीजीपी दिनेश एम.एन. के निर्देशन और श्रीगंगानगर जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के नेतृत्व में संयुक्त जांच टीम गठित की गई। अनुसंधान के दौरान विभिन्न केंद्रीय जांच एजेंसियों से संपर्क कर महत्वपूर्ण इनपुट जुटाए गए। प्राप्त सूचनाओं और उनके तकनीकी विश्लेषण में गुरदासपुर निवासी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह की इस वारदात में संलिप्तता की आशंका सामने आई। इसके बाद दोनों संदिग्धों के तकनीकी तथ्यों और सोशल मीडिया अकाउंट्स का विस्तृत विश्लेषण किया गया।
सूचनाओं का सत्यापन करने के लिए प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी प्रशिक्षु आईपीएस नितिन चौधरी और एटीएस यूनिट बीकानेर के प्रभारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम पंजाब भेजी गई। टीम ने काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब और गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य आईपीएस के साथ आसूचना एवं तकनीकी विश्लेषण से जुड़ी जानकारी साझा की। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार 14 नवम्बर को गुरदासपुर से महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को दस्तयाब किया गया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया है कि महकदीप कौर का पति करणवीर सिंह मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में पंजाब में गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद महकदीप कौर के कथित रूप से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में आने की जानकारी मिली। जांच के अनुसार शाह नामक पाकिस्तानी हैंडलर और पाकिस्तान में चाचा नाम से पहचाने जाने वाले व्यक्ति के निर्देश पर आरोपियों ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की साजिश रची थी।
पुलिस जांच के मुताबिक आरोपियों ने सबसे पहले 6 अक्टूबर 2026 को रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की योजना बनाई थी, लेकिन बम उपलब्ध नहीं होने के कारण वे अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 12-13 अक्टूबर को पाकिस्तानी हैंडलर शाह की ओर से उपलब्ध करवाया गया टाइमर बम रेलवे ट्रैक पर लगाया गया, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण उसमें विस्फोट नहीं हो पाया। अंततः 3 नवम्बर 2026 को रात करीब 9:45 बजे उपलब्ध करवाए गए टाइमर बम से रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला होने के कारण पुलिस के संदेह से बचने की मंशा से रामसिंहपुर क्षेत्र को वारदात के लिए चुना गया था। आरोपियों को ऑनलाइन माध्यम से भुगतान मिलने के तथ्य भी सामने आए हैं। इसके अलावा वे सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंगस्टरों की प्रोफाइल फॉलो करते थे और उनसे प्रभावित थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क, पाकिस्तानी हैंडलरों और आरोपियों के संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है।
गिरफ्तार महकदीप कौर को मुख्य अभियुक्ता बताया गया है। जांच में सामने आया है कि वह शाह नामक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थी और उसने अपने साथी देवेंद्र सिंह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। देवेंद्र सिंह उसके साथ मददगार के रूप में गया था। दोनों को शाह और पाकिस्तान में चाचा नाम से पहचाने जाने वाले व्यक्ति ने निर्देश दिए थे। जांच में चाचा को मूलतः आईएसआई से जुड़ा बताया गया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार अकेली महिलाओं को रोमांटिक रुचि दिखाकर और पैसों का लालच देकर अपने जाल में फंसाने का नया चलन सामने आया है। इससे पहले एटीएस गंगापुर शहर से बबीता नामक महिला को भी गिरफ्तार कर चुकी है। आरोप है कि पाकिस्तानी एजेंटों ने उसे प्रेम के जाल में फंसाया था। रामसिंहपुर विस्फोट मामले में भी इसी तरह के संपर्कों और नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल और 46 जिंदा कारतूस के साथ विस्फोट की वारदात के लिए प्राप्त 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। रामसिंहपुर पुलिस थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 209/2026 के तहत दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों, संदिग्ध संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटाने के लिए आगे का अनुसंधान जारी है।
गुरदासपुर में कार्रवाई के लिए गई संयुक्त टीम में एडीजीपी दिनेश एम.एन., प्रशिक्षु आईपीएस एवं एएसपी नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा तथा एएसपी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। आरोपियों की गिरफ्तारी में गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य आईपीएस और उनकी टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पाकिस्तान स्थित हैंडलरों और आपराधिक गैंगस्टरों के सोशल मीडिया अकाउंट्स तथा उनके संपर्कों से दूरी बनाए रखें। सोशल मीडिया या मोबाइल नंबरों के माध्यम से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित पुलिस एजेंसी को सूचित करें। पुलिस ने भावनात्मक संदेशों, भ्रामक प्रचार और उकसावे वाली सामग्री से प्रभावित होकर किसी भी संदिग्ध अथवा राष्ट्रविरोधी गतिविधि में शामिल नहीं होने की भी अपील की है।
राजस्थान एटीएस ने ऐसी गतिविधियों और गैंगस्टरों से जुड़े मामलों की सूचना देने के लिए नियंत्रण कक्ष नंबर 0141-2601583 और व्हाट्सएप नंबर 9001999070 जारी किए हैं। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक विस्फोट मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच का दायरा पाकिस्तानी हैंडलरों, उनके स्थानीय संपर्कों और पूरे आर्थिक नेटवर्क तक पहुंच गया है।

