खेल कोचिंग इकोसिस्टम और NCAB के गठन पर मदन राठौड़ ने जताई खुशी
टास्क फोर्स की सिफारिशों से कोचों के लिए एकीकृत राष्ट्रीय ढांचा और पांच-सितारा रेटिंग प्रणाली होगी लागू।

राज्यसभा में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के जवाब के बाद खेल कोचिंग सुधारों पर चर्चा करते सांसद मदन राठौड़।
जयपुर, 06 फरवरी 2026। राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कहा है कि भारत में खेल कोचिंग इकोसिस्टम को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदम अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी हैं। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा गठित टास्क फोर्स की सिफारिशें देश में कोच शिक्षा, प्रत्यायन और प्रशिक्षण व्यवस्था को नई दिशा देंगी।
सदन में केंद्रीय खेल मंत्री का जवाब
राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ के सवाल के जवाब में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने सदन में यह जानकारी दी। खेल जगत में राष्ट्रीय कोच प्रत्यायन बोर्ड की प्रस्तावित स्थापना भारत के अंतरराष्ट्रीय खेल प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएगा।
टास्क फोर्स की प्रमुख सिफारिशें
मदन राठौड़ ने बताया कि टास्क फोर्स ने निम्नलिखित महत्वपूर्ण सिफारिशें की हैं:
- "कोच शिक्षा और प्रत्यायन के लिए एकीकृत राष्ट्रीय ढांचा विकसित करना।"
- "कोचिंग पाठ्यक्रमों का मानकीकरण करना।"
- "जमीनी स्तर से लेकर उत्कृष्टता स्तर तक बहु-स्तरीय राष्ट्रीय कोचिंग मार्ग शुरू करना।"
इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा और कोचिंग पेशे को अधिक पेशेवर स्वरूप प्राप्त होगा।
राष्ट्रीय कोच प्रत्यायन बोर्ड (एनसीएबी) की भूमिका
सांसद मदन राठौड़ ने बताया कि राष्ट्रीय कोच प्रत्यायन बोर्ड (एनसीएबी) की प्रस्तावित स्थापना एक महत्वपूर्ण पहल है। इन सिफारिशों का चरणबद्ध कार्यान्वयन देश में खेल कोचिंग को अधिक संगठित, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाएगा, जिससे भारत के अंतरराष्ट्रीय खेल प्रदर्शन को नई ऊंचाइयाँ मिलेंगी।
बोर्ड के मुख्य कार्य और प्रावधान:
- कोच शिक्षा और प्रत्यायन के लिए राष्ट्रीय मानक तय करना।
- कोचिंग मार्गों की निगरानी करना।
- कोचों के लाइसेंसिंग और नवीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करना।
- बहु-स्तरीय कोचिंग मार्ग में सामुदायिक कोचों और शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को शामिल करना।
- पूर्व उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कोचिंग से जोड़ना।
- पांच-सितारा प्रदर्शन रेटिंग प्रणाली लागू करना।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
