SPL भारत कप 2027 का ऐलान, T12 फॉर्मेट और ₹31 लाख की इनामी राशि से बदलेगा स्वरूप
SPL भारत कप 2027 का नया ऐलान, T12 फॉर्मेट, ऑक्शन सिस्टम, आठ टीमें और ₹31 लाख की पुरस्कार राशि से बदलेगा टूर्नामेंट का स्वरूप।

तस्वीर में जयपुर स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब में SPL भारत कप कीप्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोगो दिखाते हुए फाउंडर विजय शर्मा, कमिश्नर मदन लाल और अन्य अधिकारी नजर आ रहे हैं।
जयपुर में 27 जुलाई 2026 को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में SPL क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण की घोषणा की गई। अब यह टूर्नामेंट नए नाम ‘SPL भारत कप’ के साथ फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित होगा। आयोजकों ने इस बार प्रतियोगिता को अधिक पेशेवर, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए कई बड़े बदलावों का ऐलान किया है, जिसमें T12 फॉर्मेट, सिंथेटिक लेदर बॉल, खिलाड़ियों का ऑक्शन सिस्टम और ₹31 लाख की पुरस्कार राशि प्रमुख हैं।
जयपुर स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फाउंडर विजय शर्मा ने आधिकारिक रूप से घोषणा करते हुए बताया कि मार्च 2026 में सफलतापूर्वक आयोजित पहले संस्करण के बाद अब दूसरा संस्करण नए स्वरूप में खेला जाएगा।
इस अवसर पर फाउंडर विजय शर्मा के साथ टूर्नामेंट के कमिश्नर एवं 1983 विश्व कप विजेता मदन लाल, चीफ एडवाइजर सुमेंद्र तिवारी, स्ट्रैटेजिक एडवाइजर अजय भाटीवाल, क्रिकेट ऑपरेशन्स चीफ संजीव मिश्रा तथा सेक्रेटरी योगेश शर्मा मौजूद रहे।
विजय शर्मा ने बताया कि SPL भारत कप केवल क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि देशभर के युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर देने, अनुशासन, चरित्र निर्माण, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि पहले संस्करण को खिलाड़ियों, दर्शकों और समाज से मिले विश्वास के बाद आयोजन को बड़े स्तर पर ले जाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य केवल अच्छे खिलाड़ी चुनना नहीं है, बल्कि ऐसे युवाओं को अवसर देना है जो भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखते हैं। खेल के माध्यम से समाज के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना ही SPL भारत कप की सबसे बड़ी पहचान है।"
SPL भारत कप 2027 में मुकाबलों का प्रारूप भी बदला गया है। इस बार सभी मैच 12-12 ओवर के T12 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। आयोजकों के अनुसार इस बदलाव से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे और दर्शकों को अधिक प्रतिस्पर्धी मुकाबले देखने को मिलेंगे।
पहले संस्करण में टेनिस बॉल से खेले गए मुकाबलों के बाद अब दूसरे संस्करण में सिंथेटिक लेदर बॉल का इस्तेमाल किया जाएगा। आयोजन समिति का कहना है कि इससे खिलाड़ियों को पारंपरिक क्रिकेट के करीब अनुभव मिलेगा और वे उच्च स्तर की क्रिकेट के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे।
इस टूर्नामेंट में 14 से 35 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। आयोजकों का लक्ष्य देशभर की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है।
दूसरे संस्करण में आठ राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाली आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें छत्रपति शिवाजी वॉरियर्स (महाराष्ट्र), सरदार वल्लभभाई पटेल लायंस (गुजरात), सरदार भगत सिंह ब्रिगेड (पंजाब), रानी लक्ष्मीबाई स्ट्राइकर्स (उत्तर प्रदेश), अहिल्या माता गार्जियन्स (मध्य प्रदेश), सम्राट अशोक लायंस (दिल्ली), चंद्रशेखर आजाद सेना (उत्तराखंड) और महाराणा प्रताप रणबांकुरे (राजस्थान) शामिल हैं।
आयोजकों ने खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया में भी बदलाव किया है। पहले विभिन्न शहरों में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद 250 खिलाड़ियों को ऑक्शन पूल में शामिल किया जाएगा। इनमें 50 खिलाड़ी पहले संस्करण के प्रदर्शन के आधार पर और 200 खिलाड़ी ट्रायल और ऑनर सिस्टम के माध्यम से चुने जाएंगे।
इसके बाद आठों टीमें ऑक्शन के जरिए कुल 128 खिलाड़ियों का चयन करेंगी। प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ियों का स्क्वाड होगा। ट्रायल, रजिस्ट्रेशन और शहरों की पूरी जानकारी अक्टूबर 2026 में जारी की जाएगी।
ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों को प्रदर्शन के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा। A कैटेगरी के खिलाड़ियों की राशि ₹75,000, B कैटेगरी के खिलाड़ियों की राशि ₹50,000 और C कैटेगरी के खिलाड़ियों की राशि ₹25,000 निर्धारित की गई है। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के अनुरूप सम्मान और आर्थिक प्रोत्साहन देना है।
SPL भारत कप 2027 के लिए पुरस्कार राशि की भी घोषणा की गई है। विजेता टीम को ₹31 लाख, उपविजेता टीम को ₹21 लाख की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज को कार, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को बाइक प्रदान की जाएगी।
चीफ एडवाइजर सुमेंद्र तिवारी ने कहा कि पहले संस्करण के अनुभव और खिलाड़ियों से मिले सुझावों के आधार पर इस बार कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को निष्पक्ष अवसर मिले और उसका मूल्यांकन केवल उसके प्रदर्शन के आधार पर हो। हमारा लक्ष्य केवल एक सफल टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि ऐसा मंच तैयार करना है जहां से भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकलें।"
उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, फिटनेस, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच को सफलता का आधार बनाने की अपील की।
टूर्नामेंट के कमिश्नर और 1983 विश्व कप विजेता मदन लाल ने कहा कि भारत के छोटे शहरों और गांवों में क्रिकेट प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत केवल सही अवसर और उचित मार्गदर्शन की है। उन्होंने कहा, "प्रतिभा आपको शुरुआत दिला सकती है, लेकिन अनुशासन और मेहनत ही आपको लंबे समय तक सफल बनाए रखते हैं। हार से घबराइए मत, क्योंकि हार सीख देती है और जीत जिम्मेदारी।"
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में SPL भारत कप भारतीय क्रिकेट को नई प्रतिभाएं देगा।
आयोजकों ने बताया कि पहले संस्करण में प्रत्येक रन के साथ समाजसेवा का संकल्प लिया गया था। इस पहल के तहत जरूरतमंद परिवारों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न सेवा कार्यों के लिए लाखों रुपये समर्पित किए गए थे। दूसरे संस्करण में भी इस सामाजिक अभियान को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
मार्च 2026 में आयोजित पहले संस्करण ने क्रिकेट और सामाजिक उत्तरदायित्व को जोड़ते हुए अपनी अलग पहचान बनाई थी। फाइनल मुकाबले में महाराणा प्रताप रणबांकुरे (राजस्थान) ने खिताब जीता था। समापन समारोह में सुरेश रैना, पीयूष चावला, प्रवीण कुमार, मोहित शर्मा और पंकज सिंह सहित कई पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।
नए नाम, T12 फॉर्मेट, सिंथेटिक लेदर बॉल, पारदर्शी चयन प्रक्रिया, ऑक्शन सिस्टम और बढ़ी हुई पुरस्कार राशि के साथ SPL भारत कप 2027 युवा क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन खेल के माध्यम से अनुशासन, चरित्र निर्माण, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास करेगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
